पाकिस्तान के खिलाड़ी जब संन्यास ले लेते हैं या टीम से बाहर हो जाते हैं तो भारत के खिलाफ जरूर बोलते हैं। पाकिस्तानी टीम से बाहर हो चुके मोहम्मद हफीज ने अब टीम इंडिया को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्हें भारत की तरक्की को देखकर दिक्कत हो रही है। इस पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का मानना है कि भारत क्रिकेट को लेकर नहीं, बल्कि पैसों के कारण विश्व क्रिकेट का लाडला है।
पाकिस्तानी चैनल से बातचीत में हफीज ने कहा, ''मैं ज्यादा कुछ नहीं जानता है, लेकिन इतना पता है कि जो हमारे सबसे ज्यादा कमाता है वह सबका प्यार और लाडला होता है। उससे लोग प्यार करते हैं। भारत ज्यादा कमाता है। पूरी दुनिया में द्विपक्षीय सीरीज के दौरान अगर कोई भारतीय स्पॉन्सर वहां जाता है तो सभी उसे पसंद करते हैं। उन्हें मना करना काफी मुश्किल है।''
हफीज से जब एंकर ने पूछा कि आपने भारत को लाडला क्यों कहा? क्या वह अच्छी क्रिकेट खेलते इसलिए या वह अच्छे पैसे कमाकर देते हैं इसलिए? इस पर हफीज ने कहा, ''दूसरी बात।'' इसका मतलब यह हुआ कि हफीज को लगता है कि बेहतर क्रिकेट खेलने के कारण नहीं बल्कि, पैसे कमाने के कारण भारत विश्व क्रिकेट का लाडला है। इसका वीडियो उन्होंने ट्विटर पर शेयर किया है। इस बयान के कारण ट्विटर पर हफीज को यूजर्स ने ट्रोल किया।
रविवार को फिर होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला
भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में एक बार फिर से रविवार को आमने-सामने होंगी। सुपर-4 राउंड का यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया पूल-ए में दोनों मैच जीतकर दूसरे दौर में पहुंची है। वहीं, पाकिस्तान कमजोर हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ जीत हासिल करने में सफल रहा है। उसे भारत के खिलाफ करारी हार मिली थी।