पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सुपर-4 में 11 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उसका सामना खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम से होगा। 41 साल में पहली बार भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी। सोशल मीडिया पर भी इस मुकाबले को लेकर प्रशंसक काफी उत्साहित हैं और जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भारत ने पिछले दो मैचों में पाकिस्तान को दी पटखनी
भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला मुकाबला सिर्फ एक साधारण मैच नहीं होता, बल्कि इसमें दोनों देशों के प्रशंसकों की भावनाओं का सैलाब भी उमड़ता है। जब टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी, तब प्रशंसकों ने मांग की थी कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार कर देना चाहिए। लेकिन भारतीय टीम ने जब ग्रुप चरण के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया तब फैंस गदगद हो गए। इसके बाद दोनों टीमें 21 सितंबर (रविवार) को आमने-सामने आईं, जिसमें भारतीय टीम ने एक बार फिर पाकिस्तान को सुपर-4 मैच में पटखनी दी। अब दोनों टीमें 28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल मुकाबला खेलेंगी।