कोहली ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
विराट ने 94 गेंद में नाबाद 122 रन की पारी खेल रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वह वनडे में सबसे तेज 13 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। वहीं, राहुल ने 106 गेंद में 111 रन बनाए। रविवार को 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाने के बाद बारिश के चलते खेल नहीं हुआ। रिजर्व डे पर यहीं से भारत ने पारी आगे बढ़ाई, लेकिन इससे पहले पाकिस्तान को हारिस रऊफ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बड़ा झटका लगा। रऊफ का एमआरआई कराया गया। पाकिस्तान ने विश्वकप को ध्यान में रखते हुए उनसे आगे गेंदबाजी नहीं कराने का फैसला लिया।
विराट और राहुल ने शुरुआत में सावधानी पूर्वक खेलते बाद में पलटवार किया। राहुल ने इसकी शुरुआत नसीम पर चौका लगाकर की। इसके बाद उन्होंने इफ्तिखार पर छक्का और चौका लगाया। उन्होंने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। विराट ने भी इसके बाद 55 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: अब सचिन तेंदुलकर से सिर्फ दो कदम दूर विराट कोहली, कोलंबो में चौथा शतक लगाकर बनाया खास रिकॉर्
विराट ने 84 गेंद में लगाया शतक
विराट अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद जबरदस्त रूप से मुखर हुए। उन्होंने अगले 50 रन 29 गेंद में ही बना डाले। उनकी खास बात यह रही कि वह बाउंड्री से कम और विकेटों के बीच दौड़ कर ज्यादा रन बना रहे थे। नसीम शाह पर विकेट के सामने लगाए गए उनके छक्के ने टी-20 विश्वकप में रऊफ पर लगाए गए छक्के की याद दिला दी। यह वनडे क्रिकेट में उनका 47वां शतक रहा। वह महान सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों से महज दो शतक दूर खड़े हैं। कुछ समय पहले तक शतक के लिए तरस रहे विराट बीते एक वर्ष में सात शतक लगा चुके हैं। उन्होंने 84 गेंद में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले राहुल ने 100 गेंद में अपना वनडे का छठा शतक लगाया। सर्जरी के बाद पहला मैच खेल रहे राहुल की शानदार वापसी ने भारतीय टीम प्रबंधन की चिंताओं को काफी हद तक दूर कर दिया है।
ये भी पढ़ें: KL Rahul: 173 दिन बाद टीम इंडिया में वापसी और जड़ दिया शतक, विश्व कप से पहले राहुल का कमाल, बनाए ये रिकॉर्ड्स
अंतिम 10 ओवर में बनाए 109 रन
भारत का 40 ओवर में स्कोर दो विकेट पर 247 रन था, लेकिन अंतिम 10 ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने 109 रन जोड़ डाले। जिन शाहीन आफरीदी ने भारत के खिलाफ पहले मैच में 35 रन देकर चार विकेट लिए थे। उन्होंने सोमवार को 5 ओवर में 42 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। उनका गेंदबाजी विश्लेषण 10 ओवर में 79 रन पर एक विकेट रहा। नसीम शाह अपना अंतिम ओवर पूरा नहीं कर पाए और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 233 रन जोड़ पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी को अंजाम दिया। विराट ने फहीम की ओर से फेंकी गई पारी की अंतिम तीन गेंदों में दो चौके और छक्का लगाया।
कुलदीप ने बरपाया कहर
पाकिस्तान के बल्लेबाज कुलदीप यादव की गेंदों को नहीं समझ सके। कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट लिए। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शार्दुल ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, वनडे में सबसे कम पारियों में बनाए 13 हजार रन
पाकिस्तान के चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके
भारत के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। फखर जमान ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद और आगा सलमान ने 23-23 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम 10 रन बनाकर आउट हुए। इन चारों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन तक नहीं पहुंच सका। इमाम उल हक नौ, शादाब खान छह, फहीम अशरफ चार और मोहम्मद रिजवान दो रन ही बना सके। शाहीन अफरीदी सात रन बनाकर नाबाद रहे।