कोहली चैंट्स से भड़के रऊफ
मैच के दौरान हारिस रऊफ को बाउंड्री पर फील्डिंग करते समय भारतीय दर्शकों की तरफ से 'विराट कोहली... विराट कोहली' के नारे सुनने पड़े। फैंस उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2022 की याद दिला रहे थे, जब कोहली ने रऊफ के ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मैच पलट दिया था। इसी बीच रऊफ ने उकसाने वाले जेस्चर किए, जिससे माहौल और गरम हो गया।
रऊफ की गिरी हुई हरकत
जो रऊफ ने इसके बाद किया, वह बेहद उकसाने वाला था। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज ने फैंस की ओर '6-0' का इशारा किया, जो पाकिस्तान के उस अप्रमाणित दावे की तरफ इशारा था कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान छह भारतीय लड़ाकू विमान गिराए थे। '6-0' जेस्चर के बाद रऊफ ने हाथ से हावभाव करते हुए विमानों के गिरने की नकल भी की। रऊफ की अभिषेक और शुभमन ने भी काफी धुनाई की थी। दोनों की शानदार बल्लेबाजी से चिढ़कर हारिस अभिषेक से भिड़ भी गए थे, लेकिन अभिषेक ने शानदार जवाब दिया था।
प्रैक्टिस सेशन में भी सुनाई दिए '6-0' नारे
ये विवाद मैच से एक दिन पहले ही शुरू हो गया था। दुबई स्थित आईसीसी अकादमी में पाकिस्तान टीम के ट्रेनिंग सेशन के दौरान भी खिलाड़ी ‘6-0, 6-0’ चिल्लाते नजर आए थे। हालांकि उस समय इसे मजाक में खेल के स्कोर से जोड़कर देखा गया, लेकिन अब मैच के दौरान किए गए जेस्चर ने इस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, भारतीय उनकी हरकतों पर मीम्स भी बना रहे हैं। एक फैन ने लिखा, 'पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कितने युद्ध जीते?' इसमें फैन ने हारिस के शून्य बनाने वाली तस्वीर लगाई है।
पाकिस्तान का डबल स्टैंडर्ड?
पाकिस्तान और उसके कई पूर्व क्रिकेटर्स बार-बार कहते हैं कि राजनीति और खेल को अलग रखना चाहिए, लेकिन मैदान पर ऐसे विवादित जेस्चर उनके खिलाड़ियों के रवैये पर सवाल खड़े करते हैं। भारतीय फैंस सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि यह खेल भावना के खिलाफ है। यह विवाद अभी और बढ़ सकता है क्योंकि फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ सोशल मीडिया पर हारिस रऊफ की हरकत की आलोचना कर रहे हैं। कई लोग आईसीसी से इस पर कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
फरहान के जश्न से भी मचा बवाल
टी20 अंतरराष्ट्रीय में चौथा अर्धशतक पूरा होने के बाद 29 वर्षीय बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भारत के सामने विवादित जश्न मनाया। उन्होंने हवा में बल्ले को लहराया और बंदूक का इशारा किया यानी गनफायर सेलिब्रेशन किया। फरहान के इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।