वर्ल्ड कप में 14 अक्तूबर को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और पाकिस्तान के बीच 14 अक्तूबर को अहमदाबाद में होने वाले विश्व कप मुकाबले के टिकटों की पहली खेप आईसीसी के टिकटिंग पार्टनर 'बुक माई शो' द्वारा अपनी विशेष प्री-सेल विंडो खोलने के एक घंटे के भीतर ही बिक गई। वहीं, तीन सितंबर को भारत-पाकिस्तान मैच के लिए सामान्य बिक्री का एक और राउंड होगा। ऐसी संभावना है कि उस दिन भी कुछ घंटों के भीतर पूरी बिक्री हो जाएगी, जैसा कि सभी मास्टरकार्ड धारकों के लिए मंगलवार को हुआ था।
इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि सभी भारतीय मैचों और अभ्यास मैचों के लिए प्री-सेल विंडो के दौरान कितने टिकट ऑनलाइन डाले गए थे, लेकिन यह पता चला है कि, बिक्री भारतीय समयानुसार शाम छह बजे पर खुलने के एक घंटे के भीतर ही हो गई। उस दिन सभी टिकटें खत्म हो गईं।
रोहित शर्मा और बाबर आजम
- फोटो : सोशल मीडिया
'बुक माई शो' वेबसाइट ने पाकिस्तान गेम पर 'सोल्ड आउट' कैप्शन डाला, जो कि अन्य आठ भारतीय मैचों के मामले में नहीं था। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, "मंगलवार को यह केवल उन लोगों के लिए था जिनके पास मास्टरकार्ड (क्रेडिट या डेबिट, भारत और अंतरराष्ट्रीय) था। प्रति व्यक्ति केवल दो टिकट आवंटित किए गए थे और स्वाभाविक रूप से प्री-सेल पर रखे गए टिकट फैंस द्वारा एक घंटे के भीतर खरीद लिए गए थे।
सूत्र ने कहा- उम्मीद है कि एक और राउंड तीन सितंबर को होगा। सबसे अच्छी बात यह है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम की क्षमता 1,32,000 है। इसलिए तीन सितंबर को उचित संख्या में टिकटों की बिक्री की उम्मीद की जा सकती है। आईसीसी सेमीफाइनल और फाइनल के साथ-साथ सभी भारतीय मैचों के लिए प्रति व्यक्ति केवल दो टिकट बुक करने की अनुमति दे रहा है, जबकि गैर-भारत मैचों के लिए प्रति व्यक्ति चार टिकट बुक किए जा सकते हैं।