भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग में भी अपना लोहा मनवाते हैं। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेले जा रहे मैच में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। कोहली भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले फील्डर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ दिया है।
कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने पाकिस्तान को 222 रन के स्कोर पर आठवां झटका दिया। कुलदीप की गेंद पर नसीम शाह ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन कोहली ने कैच लपका और उन्हें पवेलियन भेजा। नसीम 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने इस कैच को पकड़ने के साथ ही अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा दिया। कोहली के अब वनडे में 157 कैच हो गए हैं, जबकि अजहरुद्दीन ने वनडे में भारत के लिए 156 कैच पकड़े थे।
भारत के लिए वनडे में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी
| कैच |
खिलाड़ी |
| 157* |
विराट कोहली |
| 156 |
मोहम्मद अजहरुद्दीन |
| 140 |
सचिन तेंदुलकर |
| 124 |
राहुल द्रविड़ |
| 102 |
सुरेश रैना |
कोहली से आगे जयवर्धने-पोंटिंग
वनडे में ओवरऑल कैच पकड़ने की बात की जाए तो कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा कैच सिर्फ श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी माहेला जयवर्धने और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने लपके हैं। जयवर्धने ने अपने वनडे करियर में 218 कैच, जबकि रिकी पोंटिंग ने 160 कैच पकड़े हैं। कोहली के पास चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ही पोंटिंग से आगे निकलने का अवसर रहेगा।
पाकिस्तान ने दिया 242 रनों का लक्ष्य
चैंपियंस ट्रॉफी के इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन हार्दिक पांड्या ने बाबर आजम को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी धीमी रही और उसके बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सके और टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या को दो विकेट मिले। वहीं, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। भारतीय गेंदबाजों में सिर्फ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ही खाली हाथ रहे जिन्होंने आठ ओवर में 43 रन दिए। शमी ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और पांच विकेट लिए थे। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ सऊद शकील और कप्तान रिजवान की अच्छी बल्लेबाजी कर सके। शकील ने सबसे ज्यादा 76 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 62 रन बनाए।