पाकिस्तान की शर्मनाक हरकतें जारी है और वह लगातार भड़काऊ व्यवहार कर रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में दो बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है, लेकिन उसकी अकड़ कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान खिलाड़ी अपने खेल से भारत को जवाब देने का दम नहीं दिखा पा रहे हैं, तभी वे ओछी हरकत पर उतर आए हैं। अभी तक सिर्फ खिलाड़ी ही भड़काऊ कृत्य कर रहे थे, लेकिन अब तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी भी इन हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि नकवी एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं जो एशिया कप का संचालन करती है।
रऊफ ने किए थे विवादित इशारे
भारत और पाकिस्तान के बीच 21 सितंबर को दुबई में खेले गए मैच के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ी हारिस रऊफ ने विवादित इशारे किए थे। दरअसल, लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने भारत को तेज शुरुआती दिलाई थी, इससे उत्साहित भारतीय फैंस लगातार कोहलो-कोहली का नारा लगा रहा थे। मालूम हो कि कोहली ने विश्व कप 2022 के दौरान एमसीजी पर रऊफ की गेंद पर विजयी छक्का लगाया था। बाउंड्री पर उस वक्त रऊफ खड़े थे और फैंस के नारे सुनकर बौखला गए जिसके बाद उन्होंने आपत्तिजनक इशारे किए। रऊफ की पत्नी मुजना मसूद मलिक का भी पोस्ट वायरल हो हुआ था, जिसमें उन्होंने रऊफ की आपत्तिजनक तस्वीर साझा की। हालांकि, विवाद होने पर उन्होंने पोस्ट डिलीट कर लिया था।
मोहसिन नकवी पर होगी कार्रवाई?
पीसीबी और एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी इससे भी एक कदम आगे निकले और उन्होंने आग में घी डालने का काम किया। नकवी ने अपने एक्स अकाउंट पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का स्लो मोशन वीडियो डाला है जिसमें पुर्तगाल का यह महान फुटबॉलर विमान के क्रैश होने का इशारा कर रहा है। नकवी पीसीबी के अध्यक्ष होने के साथ अपने देश के गृहमंत्री भी हैं और भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानों के लिए जाने जाते हैं। रोनाल्डो उस वीडियो में शायद बता रहे थे कि उनकी सीधी ड्रैग फ्लिक गोल में कैसे गई। इस वीडियो के बाद देखना होगा कि एशिया कप फाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम क्या एसीसी अध्यक्ष के साथ मंच साझा करेगी? बीसीसीआई और आईसीसी दोनों की नजर में यह मामला है और देखना है कि नकवी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
बीसीसीआई ने आईसीसी से की है शिकायत
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी से पाकिस्तान के खिलाड़ी हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान की शिकायत की है। बीसीसीआई ने अपनी शिकायत में इन दोनों पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर एशिया कप के सुपर चार चरण मैच के दौरान भड़काऊ इशारे करने का आरोप लगाया है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप की शुरुआत से पहले ही मामला गर्म चल रहा है। पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव आ गया था जिसका असर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने मिला था। भारत ने ग्रुप चरण के पहले मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था जो बड़ा विवाद बना था।