भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी, चंद्रयान-3 और कुमार विश्वास
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। शनिवार (दो सितंबर) को कैंडी में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने तो बल्लेबाजी की, लेकिन पाकिस्तान की पारी भी शुरू नहीं हो पाई। लगातार बारिश को देखते हुए अंपायरों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल गए। इस मैच के दौरान सोशल मीडिया पर जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिली। दोनों देशों के फैंस के बीच एक्स (पहले ट्विटर) पर जमकर बहस हुई।
मैच रद्द होने के बाद एक पाकिस्तानी पत्रकार ने भारत के चंद्रयान-3 का मजाक उड़ाया। उसने चंद्रयान और मैच के नतीजे को जोड़कर एक्स पर अपनी बात लिखी। इसे देखकर भारत के मशहूर कवि कुमार विश्वास भड़क गए। उन्होंने एक्स पर पाकिस्तानी पत्रकार को मुंहतोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तानी पत्रकार इहतिशाम उल हक ने लिखा, ''अब ये किसने कहा कि भारत अपनी टीम को बचाने के लिए चंद्रयान 3 से पानी फेंक रहा है?'' इस पर कुमार विश्वास ने उसकी बोलती बंद की और लिखा, ''मामले को विशेष रूप से आप लोगों को प्राप्त होने वाली बूंदों से मत आंकिए। कई वैश्विक एजेंसियां आदतन भिखारियों और बकाएदारों को कोस रही है। आप सामान्य आतंकी छाते को एक बार फिर खोलें और सुरक्षित रहें। चंदा मामा की ओर से उनके नालायक भांजों को प्यार।''
भारत-पाकिस्तान मैच में क्या हुआ?
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। वह 48.5 ओवर में 266 रन पर सिमट गई। इसके बाद पाकिस्तान की पारी बारिश के कारण शुरू नहीं हो पाई। अंपायरों ने काफी देर इंतजार करने के बाद दोनों कप्तानों से बात की और मैच को रद्द घोषित कर दिया। हार्दिक पांड्या (87) और ईशान किशन (82) के बीच पांचवें विकेट पर 138 रन की रिकॉर्ड साझेदारी से भारत ने एशिया कप मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान को 267 रन की चुनौती दी। शाहीन शाह आफरीदी की अगुवाई में पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने सभी दस विकेट अपने नाम किए। शाहीन ने 35 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा हारिस रउफ और नसीम शाह ने तीन-तीन विकेट लिए।