भारतीय टीम में तीन तेज गेंदबाजों का खेलना मुश्किल है
- फोटो : अमर उजाला
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 के मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में यह भारत का पहला मैच है, जबकि पाकिस्तान की टीम अपने पहले मैच में नेपाल को 238 रन से हरा चुकी है। पाकिस्तान ने नेपाल के खिलाफ मैच में छह विकेट पर 342 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था और नेपाल को 104 रन पर समेट दिया था। पाकिस्तान की टीम ने 124 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद ने शतकीय पारी खेल टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया।
पाकिस्तान की टीम काफी संतुलित नजर आ रही है। आईसीसी वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज पाकिस्तान की टीम के सभी अहम खिलाड़ी उपलब्ध हैं और यह टीम बेहद मजबूत दिख रही है। वहीं, भारतीय टीम अपने अहम खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। ऋषभ पंत कार हादसे के बाद रिकवर कर रहे हैं और चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। लोकेश राहुल सर्जरी के बाद चोट से उबर गए थे, लेकिन दूसरी चोट के कारण वह टीम का हिस्सा होने के बावजूद शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे।
ईशान किशन
- फोटो : अमर उजाला
ईशान को मिला मौका?
एशिया कप के लिए श्रीलंका पहुंची भारतीय टीम में ईशान किशन को विकेटकीपर के रूप में मौका दिया गया है। सैमसन रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ हैं। ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं और वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में अर्धशतक लगाने के बाद प्लेइंग 11 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने तीनों अर्धशतक पारी की शुरुआत करते हुए लगाए हैं। तीसरे नंबर पर विराट और चौथे नंबर पर अय्यर का खेलना तय है।
मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज
- फोटो : सोशल मीडिया
मोहम्मद शमी टीम से बाहर
भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या के अलावा दो तीन तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है। शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज टीम का हिस्सा हैं। मोहम्मद शमी को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया है। उन्हें आराम दिया गया है या शार्दुल को उनके ऊपर वरीयता दी गई है, यह साफ नहीं है। स्पिन गेंदबाजों में रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है।
पाकिस्तान की बात करें तो नेपाल के खिलाफ शानदार जीत के बाद बाबर आजम ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। शाहीन को नेपाल के खिलाफ मैच के दौरान चोट जरूर लगी थी, लेकिन उनकी चोट गंभीर नहीं है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को ही प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी थी।
भारत की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
पाकिस्तान प्लेइंग-11: फखर जमान, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ।