भारत और ओमान के बीच एशिया कप 2025 का आखिरी ग्रुप चरण का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए। ऐसा लगातार तीसरे मैच में हुआ है जब गिल छोटी पारी खेलकर पवेलियन लौटे हैं। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 10 रन बनाए थे जबकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज 20 रन बनाकर नाबाद रहे थे। अब भारतीय टीम का सामना सुपर-4 मैच में पाकिस्तान से रविवार को होगा।
शाह फैसल ने किया बोल्ड
ओमान के खिलाफ मुकाबले में सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे गिल को शाह फैसल ने बोल्ड किया। वह एक चौके की मदद से सिर्फ पांच रन बना पाए। अब भारतीय टीम का सुपर-4 चरण में पाकिस्तान से सामना होगा। इस मैच में प्रशंसकों को गिल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हालांकि, गिल के लगातार तीसरे मैच में लचर प्रदर्शन ने फैंस का दिल तोड़ दिया।
दो बदलावों के साथ उतरा भारत
भारत और ओमान के बीच अबु धाबी में एशिया कप के ग्रुप ए का मुकाबला खेला जा रहा है। यह ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं और अर्शदीप सिंह तथा हर्षित राणा को मौका दिया है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय टीम का यह 250वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है। भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरा है और उसने दमदार शुरुआत की है। भारत ने पहले मैच में यूएई को नौ विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से शिकस्त देकर सुपर चार चरण में जगह बनाई थी। भारत अगले दौर से पहले बल्लेबाजी की तैयारियों को परखना चाहता है। भारत ने पिछले दो मैचों में पहले गेंदबाजी की थी और आसानी से लक्ष्य का पीछा किया था जिससे उसकी बल्लेबाजी मजबूती का पता नहीं चल सका है।