भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मुकाबले से पहले कीवी कप्तान टॉम लाथम ने टीम की रणनीति का खुलासा कर दिया है। लाथम ने साफ किया है कि न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के साथ मैदान पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि टीम के पास तेज गेंदबाजी में अच्छे विकल्प मौजूद हैं और पूरी सीरीज के दौरान खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए गेंदबाजी संयोजन में बदलाव किया जा सकता है।
क्या होगी न्यूजीलैंड की रणनीति?
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टॉम लाथम ने कहा कि टीम फिलहाल पूरी सीरीज के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय पहले टेस्ट पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम तीन तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाएंगे। हमारे पास कई ऐसे तेज गेंदबाज हैं, जो लगभग पूरी तरह फिट हैं। यह पहले से तय करना मुश्किल है कि कौन सा खिलाड़ी कितने मैच खेलेगा। हम परिस्थितियों और खिलाड़ियों के वर्कलोड को देखते हुए लचीला रुख अपनाएंगे। अगले छह-सात हफ्तों में स्थिति के अनुसार फैसले लिए जाएंगे, लेकिन फिलहाल हमारा मुख्य फोकस भारत के खिलाफ पहला टेस्ट है।'
डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका नहीं है न्यूजीलैंड का फोकस
लाथम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान अंक तालिका के बजाय अपने प्रदर्शन और उन चीजों पर रहेगा, जिन्हें खिलाड़ी मैदान पर नियंत्रित कर सकते हैं। कीवी कप्तान ने कहा, 'वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की टेबल मेरा फोकस नहीं है। हम उन चीजों को नियंत्रित करेंगे, जो हमारे हाथ में हैं। हम अपने अंदाज में क्रिकेट खेलेंगे और जीतने का सर्वश्रेष्ठ मौका हासिल करने की कोशिश करेंगे।'
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : ANI
बुमराह को बताया वर्ल्ड क्लास गेंदबाज
- भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर लाथम ने माना कि वह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। उन्होंने बुमराह के अनोखे गेंदबाजी एक्शन, गेंद को दोनों तरफ मूव कराने की क्षमता और अलग-अलग परिस्थितियों में प्रभावी प्रदर्शन करने की काबिलियत की तारीफ की।
- लाथम ने कहा, 'बुमराह वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। कई खिलाड़ियों ने उनका सामना किया है, चाहे वह लंबे प्रारूप का क्रिकेट हो या छोटा प्रारूप। उनका गेंदबाजी एक्शन काफी अलग है और बल्लेबाजों को इसकी आदत डालना आसान नहीं होता। यहां की पिच पर भी वह हमारे लिए बड़ी चुनौती होंगे।'
- उन्होंने आगे कहा कि न्यूजीलैंड ने बुमराह जैसे गेंदबाजों का सामना करने के लिए अच्छी तैयारी की है। हालांकि, टीम का ध्यान सिर्फ बुमराह पर नहीं, बल्कि भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों पर रहेगा। लाथम के मुताबिक, टीम ने आगामी मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की है और उसे उम्मीद है कि न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में मजबूत शुरुआत करने में सफल रहेगा।