भारत ने सात विकेट से जीता मैच, 2-0 की बढ़त बनाई
भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 47 और रचिन रवींद्र ने 44 रनों की अहम पारी खेली। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने तूफानी अंदाज में लक्ष्य का पीछा किया। ईशान किशन ने 76 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन ठोकते हुए भारत को 15.2 ओवर में ही जीत दिला दी। भारत ने 28 गेंद शेष रहते 209 रन का लक्ष्य हासिल किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में 200+ लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी फुल मेंबर टीम की सबसे बड़ी जीत है।