न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मैच के लिए अपनी उपलब्धता की अटकलों पर विराम लगाते हुए भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल गुरुवार को प्रशिक्षण के लिए आधिकारिक विश्राम के दिन कुछ सहयोगी स्टाफ के साथ अभ्यास के लिए आईसीसी क्रिकेट अकादमी आए। गिल बुधवार को अभ्यास छोड़ने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। उन्होंने विशेषज्ञों और यूएई के नेट गेंदबाजों के थ्रो-डाउन के साथ दो घंटे तक मेहनत की।
शुभमन गिल को लेकर कयास लगाए जा रहे थे
गिल ने बुधवार को भारतीय टीम के साथ अभ्यास नहीं किया था जिसके बाद उनकी उपलब्धता पर कयास लगाए जा रहे थे। बीसीसीआई प्रबंधन ने हालांकि स्पष्ट किया कि वह ठीक हैं और आराम के लिए एक दिन की छुट्टी ले रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में लगभग 300 रन बनाने के बाद गिल ने चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला
भारत को अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ना है। यह मुकाबला दो मार्च को दुबई में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए इस वजह से महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे टेबल टॉपर तय हो जाएगा। दोनों ही टीमें इसके लिए जमकर तैयारी कर रही हैं। पाकिस्तान पर जीत के बाद बुधवार को गिल को छोड़कर भारतीय खिलाड़ियों ने पहली बार आईसीसी अकादमी में ट्रेनिंग में हिस्सा लिया।
पूरी भारतीय टीम ने एकसाथ अभ्यास किया
पूरी भारतीय टीम ने एकसाथ अभ्यास किया था। रोहित ने बुधवार को अभ्यास सत्र के दौरान किसी भारी गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया और न ही नेट्स पर बैटिंग प्रैक्टिस की। अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय टीम का माहौल काफी खुशनुमा दिखा और खिलाड़ी एक दूसरे के साथ हंसते मिलते दिखे। भारतीय खिलाड़ी एक दूसरे के साथ मजाक भी कर रहे थे। बीसीसीआई ने अपनी साइट पर इसका वीडियो भी जारी किया है।
विराट कोहली और शमी ने भी अभ्यास किया
अभ्यास सत्र के दौरान सभी खिलाड़ी फुटबॉल खेलकर और स्प्रिंट लेकर वार्मअप किया। नेट्स सेशन में विराट कोहली ने काफी समय स्पिनरों का सामना करने में बिताया, जबकि गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल दुबई में टीम से जुड़ गए हैं। विराट ने ट्रेनिंग सत्र के दौरान कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा जैसे गेंदबाजों का तो सामना किया है, साथ में उन्होंने अन्य नेट गेंदबाजों को बुलाकर उनका भी सामना किया। तेज गेंदबाजों में मोहम्मद शमी को भी पूरे दमखम के साथ गेंदबाजी करते देखा गया। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान शमी भी परेशानी में दिखे थे।