सार
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारत के अभ्यास सत्र में ऋषभ पंत को नेट्स में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मैदान छोड़ना पड़ा। वहीं रोहित शर्मा ने मोहम्मद सिराज को बल्लेबाजी के टिप्स दिए और टीम ने सीरीज से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम ने वडोदरा में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शनिवार को हुए वैकल्पिक अभ्यास सत्र के दौरान जहां ऋषभ पंत चोटिल होकर चर्चा का केंद्र बने, वहीं पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद सिराज को बल्लेबाजी के टिप्स भी दिए।
पंत चोटिल हुए
अभ्यास सत्र के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को उस समय दर्द झेलना पड़ा, जब वह नेट्स में भारतीय थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट्स के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे। एक गेंद उनके कमर के ठीक ऊपर जा लगी, जिसके बाद पंत दर्द से कराहते नजर आए। टीम के सपोर्ट स्टाफ ने तुरंत उनका इलाज किया। इस दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत अन्य खिलाड़ी भी पंत के पास पहुंचे। शुरुआती उपचार के बाद पंत मैदान से बाहर चले गए। यह अभ्यास सत्र बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) स्टेडियम के ग्राउंड बी पर चल रहा था। इसी मैदान पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ लंबी बातचीत करते हुए भी देखा गया।
सिराज को रोहित ने दिए बल्लेबाजी के लिए टिप्स
अभ्यास के अन्य पहलुओं की बात करें तो मोहम्मद सिराज सबसे पहले नेट्स में पहुंचे। बल्लेबाजी के दौरान एक शॉट सही से कनेक्ट न कर पाने पर बाहर खड़े रोहित शर्मा ने उन्हें कुछ अहम टिप्स दिए। सिराज ने इस सत्र में केवल बल्लेबाजी का अभ्यास किया। उपकप्तान श्रेयस अय्यर, जिन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी की थी, ने केएल राहुल के साथ लंबी बल्लेबाजी की। इसके अलावा पंत और रवींद्र जडेजा ने भी नेट्स में हाथ आजमाया। सिराज, अय्यर और पंत तीनों ही हाल ही में अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे थे और 8 जनवरी को उनका आखिरी मुकाबला था।
रविवार को शुरू होगी सीरीज
तीन मैचों की यह वनडे सीरीज रविवार से वडोदरा में शुरू होगी। यह मुकाबला बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम का पहला पुरुष अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 17 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होगा।