भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ चार नवंबर से शुरू होने वाली आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि वह अभी तक अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे।
प्रसिद्ध को लेकर क्या आई जानकारी
लिंकन में भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले गए पहले अनौपचारिक लाल गेंद के मैच में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने काफी प्रभावित किया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से बताया, प्रसिद्ध अच्छी तरह से उबर रहे हैं और एक और दो नवंबर को बंगलूरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनका मैच सिमुलेशन और फिटनेस टेस्ट होना है। किसी भी स्थिति में, टीम प्रबंधन के साथ-साथ राष्ट्रीय चयन समिति का यह मानना है कि प्रसिद्ध को टेस्ट मैचों के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए, जहां वनडे की तुलना में उनकी अधिक आवश्यकता है।
सिर्फ तीन मैचों के लिए हुआ था चयन
प्रसिद्ध वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे थे। बीसीसीआई ने कुछ दिनों पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान किया था। प्रसिद्ध को सिर्फ शुरुआती तीन मैचों के लिए टीम में जगह मिली थी। प्रसिद्ध कृष्णा की उपलब्धता उनकी फिटनेस और बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने पर निर्भर थी, लेकिन पीटीआई के अनुसार, प्रसिद्ध सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने हालांकि, आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।