भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन दिसंबर से मुंबई में दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। कानपुर में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। ऐसे में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को देखते हुए यह टेस्ट अहम हो गया है। टेस्ट में भारत के रेगुलर कप्तान विराट कोहली भी मुंबई टेस्ट से क्रिकेट में वापसी करेंगे। टी-20 विश्व कप के बाद उन्हें आराम दिया गया था। ऐसे में किसी एक खिलाड़ी को उनके लिए जगह खाली करनी होगी।
रहाणे को दिया जा सकता है आराम
कानपुर में कोहली की जगह श्रेयस अय्यर को मौका दिया गया था और उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में मौके को पूरी तरह से भुनाया था। ऐसे में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे में से किसी एक को बेंच पर बैठाया जा सकता है। रहाणे ने पहले टेस्ट में 35 और 4 रन बनाए थे। अब विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने रहाणे को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि रहाणे को खुद को समय देने की जरूरत है।
कार्तिक ने श्रेयस की तारीफ की
कार्तिक ने कहा- श्रेयस ने पिछले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था। इसलिए रहाणे पर काफी दबाव होगा और उन्हें ही ड्रॉप किया जा सकता है। ऐसा पहले भी हो चुका है। दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर उन्हें ड्रॉप किया गया था और इसके बाद रहाणे ने वापसी की थी। इसमें कोई परेशानी नहीं है कि रहाणे को आराम दिया जाए। उन्हें इसकी जरूरत है। श्रेयस ने अच्छा प्रदर्शन कर खुद को टीम में स्थापित कर लिया है।
रहाणे पिछले काफी समय से फॉर्म में नहीं
कार्तिक ने कहा- श्रेयस ने वाकई शानदार बल्लेबाजी की। ऐसा नहीं है कि रहाणे सिर्फ एक-दो टेस्ट से रन नहीं बना रहे हैं। उन्हें अच्छी बल्लेबाजी करता देख काफी समय बीत चुका है। अगर उन्हें आराम दिया जाता है, तो इससे सिर्फ उनका फायदा होगा। रहाणे पर से दबाव हटेगा और वह फ्रेश होकर वापसी कर सकेंगे।
पुजारा को भी बल्लेबाजी पर ध्यान देना होगा
कार्तिक ने कहा- चेतेश्वर पुजारा के साथ भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। उन्होंने भी पिछले काफी समय से शतक नहीं बनाया है। 2020 की शुरुआत से ही पुजारा का बल्लेबाजी औसत 20 के आसपास रहा है। पिछले कुछ समय से रहाणे और पुजारा दोनों ने अपने स्तर के मुताबिक बल्लेबाजी नहीं की है। इसके बारे में उन्हें भी पता है। दोनों को टीम में बने रहने के लिए अच्छी बल्लेबाजी करनी ही होगी।
रहाणे और पुजारा का फॉर्म
पिछले 12 महीने में रहाणे ने 12 टेस्ट में 24.66 की औसत से रन बनाए हैं। अश्विन ने उनसे ज्यादा की औसत (26.14) से रन बनाए हैं। इस फॉर्म को देखते हुए मुंबई में होने वाले अगले मैच में विराट कोहली की वापसी पर रहाणे को ड्रॉप किया जा सकता है। वहीं, पुजारा ने खराब फॉर्म के बावजूद पिछले 12 महीने में कुछ रन बनाए हैं। उन्होंने पिछले 12 महीने में 28.08 की औसत से रन बनाए हैं और किसी-किसी मैच में 30-40 रन बनाकर टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकाला है।