फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

INDW vs NZW: पूर्व कप्तान एडुलजी ने हरमनप्रीत पर साधा निशाना, कहा- उन्हें टीम से बाहर करने का समय आ गया है

Thu, 17 Feb 2022 04:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

हरमनप्रीत ने इंग्लैंड में हुए 2017 विश्व कप के बाद से सिर्फ दो 50 प्लस का स्कोर किया है। 32 साल की हरमन पिछले साल फिटनेस की समस्या से जूझ रही थीं।
विज्ञापन
हरमनप्रीत कौर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान डायना एडुलजी ने मौजूदा टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि हरमनप्रीत को टीम से बाहर किया जाए। वह सिर्फ साल 2017 में अपने 171 रन के दम पर टीम में नहीं रह सकतीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में हरमनप्रीत को ड्रॉप किया जाना चाहिए।
विज्ञापन


एडुलजी ने इसके साथ ही भारत की धाकड़ ओपनर शेफाली वर्मा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शेफाली भी कुछ खास नहीं कर सकी हैं, ऐसे में उन्हें भी ड्रॉप करना चाहिए। साल 2021 के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के अवॉर्ड से नवाजी गईं स्मृति मंधाना का क्वारैंटाइन समाप्त हो चुका है। वह अगले वनडे में टीम में वापसी करेंगी। मंधाना की गैरमौजूदगी में एस मेघना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो वनडे में अपनी छाप छोड़ी। वहीं, शेफाली जूझती दिखीं। शेफाली ने पिछले साल ही इस प्रारूप में डेब्यू किया था।   

हरमनप्रीत ने इंग्लैंड में हुए 2017 विश्व कप के बाद से सिर्फ दो 50 प्लस का स्कोर किया है। 32 साल की हरमन पिछले साल फिटनेस की समस्या से जूझ रही थीं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने महिला बिग बैश लीग में वापसी की और कई शानदार पारियां खेलीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की मौजूदा सीरीज के पहले दो मैच में हरमनप्रीत का बल्ला नहीं चला है। टीम इंडिया अपने पहले दोनों मैच हार चुकी है।
विज्ञापन


एडुलजी ने कहा- अगर हम प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर रहे हैं, तो यह नियम हरमनप्रीत के लिए भी लागू होनी चाहिए। जेमिमा रॉड्रिग्स के साथ भी ऐसा ही हुआ। अब कोच रमेश पवार को हरमनप्रीत को लेकर भी फैसला लेना चाहिए। मैं हरमन के प्रदर्शन से निराश हूं। वह मेरी सबसे पसंदीदा खिलाड़ी थीं, लेकिन 2017 में खेली गई सिर्फ एक पारी के आधार पर आपको टीम में नहीं बनाया जा सकता। मैं खुश हो जाऊंगी अगर हरमनप्रीत मुझे गलत साबित करती हैं तो। मैं टीम इंडिया को विश्व कप जीतता देखना चाहती हूं।

एडुलजी ने कहा- कप्तानी पर बात करें तो मिताली के बाद स्मृति मंधाना कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे हैं। हरमनप्रीत सिंह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहीं, इसलिए उन्हें काउंट भी नहीं किया जा रहा। अगर हरमनप्रीत को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में ड्रॉप किया जाए, तो मुझे बुरा नहीं लगेगा। स्नेह राणा एक बेहतर रिप्लेसमेंट होंगी। एडुलजी सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई कमिटी की 33 महीनों तक सदस्य रहीं। 

भारतीय टीम छह मार्च से टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद टीम ग्रुप स्टेज में 10 मार्च को न्यूजीलैंड, 12 मार्च को वेस्टइंडीज, 16 मार्च को इंग्लैंड, 19 मार्च को ऑस्ट्रेलिया, 22 मार्च को बांग्लादेश और 27 मार्च को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें