फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: फाइनल के लिए रोहित ने बचा रखा था सर्वश्रेष्ठ, ICC टूर्नामेंट के खिताबी मैच में पहली बार बनाए 50+ रन

Sun, 09 Mar 2025 09:53 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में टीम इंडिया ने छह गेंदों के शेष रहते चार विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा खिताबी मैच में शानदार फॉर्म में नजर आए। वह 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गेंदबाजों के बाद रोहित शर्मा की अगुआई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। भारत ने इस तरह 2013 के बाद इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 50 ओवर में 252 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे भारतीय टीम ने चार विकेट शेष रहते जीता। भारत ने कप्तान रोहित शर्मा के 83 गेंदों पर 76 रनों की पारी के दम पर 49 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाकर जीत दर्ज की। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा खिताबी मैच में शानदार फॉर्म में नजर आए। वह 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विज्ञापन

हिटमैन ने मौजूदा टूर्नामेंट में बनाया पहला 50+ स्कोर
इस मैच से पहले टीम इंडिया ने चार मुकाबले खेले थे। इनमें रोहित ने 26.00 की औसत और 107.21 के स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए। खिताबी मुकाबले में हिटमैन अलग ही रंग में नजर आए। कीवियों के खिलाफ उनका बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 41 गेंदों में अपना 33वां अर्धशतक पूरा किया। दिलचस्प बात यह है कि अब तक खेले छह आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल मैचों में हिटमैन एक भी अर्धशतकीय पारी नहीं खेल पाए थे। हालांकि, अब उन्होंने अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर इसमें सुधार किया और पहला 50+ स्कोर बनाया।

रोहित का आईसीसी फाइनल में प्रदर्शन
रोहित ने इस फाइनल से पहले 2007 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2014 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल और 2024 टी20 विश्व कप का फाइनल खेला है। 2007 टी20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित ने नाबाद 30 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। यह मैच टीम इंडिया ने जीता था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन बनाए थे। हालांकि, तब भी टीम इंडिया जीतने में कामयाब हुई थी। 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 29 रन बनाए थे। भारत यह फाइनल हार गया था। 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में रोहित पाकिस्तान के खिलाफ खाता नहीं खोल सके थे।

टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 47 रन बनाकर आउट हुए थे। टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। टी20 विश्व कप 2024 में भी हिटमैन कुछ खास नहीं कर पाए थे और सिर्फ नौ रन बनाकर चलते बने थे। हालांकि, टीम इंडिया जीतने में कामयाब रही थी। 

बतौर कप्तान चैंपियंस ट्रॉफी में 50+ रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बने रोहित
इसी के साथ हिटमैन चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए। उनसे पहले सौरव गांगुली ने यह कारनामा किया था। उन्होंने 2000 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 117 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इस मामले में तीसरे स्थान पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या हैं जिन्होंने 2002 में भारत के खिलाफ 74 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के हैंसी क्रोनिए ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 61* रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। वह चौथे पायदान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि हिटमैन की 76 रनों की पारी किसी भी वनडे फाइनल में सर्वोच्च रनों की पारी है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 रन था, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कॉमनवेल्थ सीरीज (2008) में बनाया था।
 

चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में 50+ स्कोर बनाने वाले कप्तान

स्कोर खिलाड़ी विपक्षी टीम वर्ष
117 सौरव गांगुली (भारत) न्यूजीलैंड 2000
76 रोहित शर्मा (भारत) न्यूजीलैंड 2025
74 सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) भारत 2002
61* हैंसी क्रोनिए (दक्षिण अफ्रीका) वेस्टइंडीज 1998
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें