फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Analysis: हार्दिक की पलटन ने दिखाई बहादुरी, सूर्यकुमार यादव और स्पिनर्स चमके, ऋषभ पंत ने बढ़ाई चिंता

Sun, 20 Nov 2022 06:11 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, माउंट माउनगनुई

सार

भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 191 रन बनाए। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 111 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 126 रनों पर सिमट गई। कप्तान केन विलियमसन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए।
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप की असफलता के बाद भारत की युवा टीम ने न्यूजीलैंड में अच्छी शुरुआत की है। वेलिंग्टन में पहला टी20 मैच बारिश के कारण धुलने के बाद दूसरा मैच माउंट माउनगनुई में पूरा हुआ। इस मैच में भी बारिश आई। उसके रुकने के बाद सूर्यकुमार यादव गेंदबाजों पर जमकर बरसे। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना दूसरा शतक लगाकर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया। सूर्या साल 2022 में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी तूफानी पारी से एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर हैं।
विज्ञापन


सूर्या के अलावा स्पिनर्स ने कमाल दिखाया। टी20 विश्व कप में युजवेंद्र चहल को मौका नहीं दिया गया था। यहां उन्होंने यह साबित कर दिया कि क्यों टी20 में लेग स्पिनर की जरूरत किसी टीम को पड़ती है। चहल ने दो विकेट लिए और एक छोर से दबाव बनाए रखा। इसका फायदा ऑफ स्पिनर दीपक हुड्डा को मिला। उन्होंने चार विकेट झटक लिए। कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा चहल के प्रदर्शन को देखने के बाद अपनी गलती पर जरूर पछता रहे होंगे।

सूर्यकुमार यादव - फोटो : सोशल मीडिया
मैच में क्या हुआ?
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 191 रन बनाए। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 111 रन बनाए। ईशान किशन ने 36 रन बनाए और हार्दिक-श्रेयस ने 13-13 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 126 रनों पर सिमट गई। कप्तान केन विलियमसन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। भारत के लिए दीपक हुड्डा ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज को दो-दो सफलता मिली।

सूर्यकुमार यादव - फोटो : सोशल मीडिया
मैच का टर्निंग पॉइंट
न्यूजीलैंड के नौ गेंद में गिरे दो विकेट: सूर्यकुमार की पारी की बदौलत टीम इंडिया 191 रन तक तो पहुंच गई थी, लेकिन उसके सामने न्यूजीलैंड के खतरनाक बल्लेबाजों को रोकने की जिम्मेदारी थी। पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने फिन एलेन को आउट कर दिया। इसके बाद डेवोन कॉनवे और केन विलियमसन ने दूसरे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी कर ली। यहां से ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड मैच में टीम इंडिया को टक्कर दे सकती है। नौवें ओवर की पहली गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने खतरनाक डेवोन कॉनवे (25 रन) और 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल ने विस्फोटक ग्लेन फिलिप्स (10 रन) को आउट कर न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया। यहां से किवी टीम संभल नहीं पाई।

ऋषभ पंत - फोटो : सोशल मीडिया
कैसी रही भारत की बल्लेबाजी?
क्या सही हुआ:
सूर्यकुमार यादव ने शतक लगाकर टीम को संकट से निकाला। उन्होंने छठे ओवर में उतरने के बाद आखिर तक बल्लेबाजी की। इस दौरान 51 गेंद पर नाबाद 111 रन बनाए। सूर्या ने 11 चौके और सात छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 217.65 का रहा। ईशान किशन ने ओपनिंग में एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 31 गेंद पर 36 रन बनाए।

क्या गलत हुआ: सूर्यकुमार और ईशान को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया। ऋषभ पंत ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ाई है। वह टेस्ट और वनडे में तो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन टी20 में अपना खेल भूल जाते हैं। पंत मध्यक्रम में फेल हुए तो उन्हें ओपनिंग में मौका दिया गया। आज वह 13 गेंद पर छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अगर उनका खराब फॉर्म ऐसे ही चलता रहा तो टीम से बाहर भी हो सकते हैं। श्रेयस अय्यर 13 रन बनाकर हिटविकेट आउट हो गए। हार्दिक ने आखिरी ओवरों में 13 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 13 रन ही बना सके। उनके बल्ले से एक भी चौका या छक्का नहीं निकला। दीपक हुड्डा और वॉशिंगटन सुंदर आखिरी दो गेंदों पर खाता खोले बगैर आउट हुए।
विज्ञापन

दीपक हुड्डा - फोटो : सोशल मीडिया
गेंदबाजों ने कैसा प्रदर्शन किया?
भुवनेश्वर कुमार ने तीन ओवर में सिर्फ 12 रन दिए और एक विकेट लिया। उन्होंने शुरुआती ओवरों में अपना काम बखूबी किया। अर्शदीप आज थोड़े महंगे साबित हुए। तीन ओवर में 29 रन लुटाए। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली। मोहम्मद सिराज ने सधी हुई गेंदबाजी की और चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने अपने प्रदर्शन से यह बताया कि क्यों उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में मौका देना चाहिए था। 

चहल ने चार ओवर में 26 रन देकर दो और दीपक हुड्डा ने 2.5 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर के लिए वापसी यादगार नहीं रही। उन्होंने दो ओवर में 24 रन दे दिए। वह एक ही विकेट ले पाए। अगले मैच में सुंदर के साथ-साथ अर्शदीप अपनी गेंदबाजी में सुधार करना चाहेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें