भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के प्रशंसकों में पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री भी शामिल हो गए हैं। शास्त्री का मानना है कि इस युवा बल्लेबाज में कुछ ‘खास’ है।
गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय शृंखला में अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुरुआती मैच में 50 रन बनाए और शनिवार को बारिश की भेंट चढ़े दूसरे मैच में नाबाद 45 रन की पारी खेली।
शास्त्री ने कहा- उन्हें खेलते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है। उनकी बल्लेबाजी में कुछ खास है। उनके पास शानदार कौशल है और वह लंबे समय तक टीम में बने रहेंगे। वह मेहनत करने से नहीं घबराते हैं और उनमें सफल होने की भूख बरकरार हैं। इस खेल से उनका काफी लगाव है और वह जमीन से जुड़े हुए हैं।
भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने भी गिल की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘ समय के साथ गिल के स्ट्राइक रेट में सुधार हुआ है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभी उनका औसत 70 के आस-पास है। आप एक ऐसे खिलाड़ी को देख रहे हैं जो लगातार अपने खेल में सुधार कर रहा है।’