ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बारिश की वजह से मिले समय के दौरान फुटवॉली का आनंद लेते दिखे। फुटवॉली का खेल फुटबॉल और वॉलीबॉल को मिलाकर बनाया गया है। ब्राजील से यह खेल पूरी दुनिया में फैला। फुटवॉली बीच वॉलीबॉल और फुटबॉल से मिलकर बना है। इसमें वॉलीबॉल की तरह हाथ का नहीं बल्कि पैर और शरीर का इस्तेमाल करना होता है। गेंद नीचे नहीं गिरनी चाहिए।
इस दौरान दो टीमें बनीं। एक टीम में भारत के युजवेंद्र चहल, संजू सैमसन और न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी दिखे। वहीं, दूसरी टीम में न्यूजीलैंड के फिन एलेन, टिम साउदी और कीवी टीम के फीजियो दिखे। न्यूजीलैंड के कुछ खिलाड़ियों ने अलग से भी इस खेल का आनंद लिया। पिछले कुछ सालों में क्रिकेट प्लेयर्स के बीच फुटवॉली का क्रेज बढ़ा है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 20 नवंबर को माउंट माउंगानूई में खेला जाएगा। वहीं, तीसरा टी20 22 नवंबर को नेपियर में खेला जाएगा। इसके बाद वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं। वहीं, वनडे सीरीज में शिखर धवन टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे।