भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शुक्रवार को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं। 15 साल के वैभव को इस सीरीज के लिए भारत की सीनियर टीम में चुना गया है और उन्होंने नेट्स पर जमकर अभ्यास किया है। वैभव आज डेब्यू कर पाते हैं या नहीं, ये तो मैच से पहले ही पता चलेगा। लेकिन उन्होंने जिस तरह से नेट्स पर भारतीय गेंदबाजों का सामना किया उसे देखकर तो यही कहा जा सकता है कि वह आयरलैंड के खिलाफ प्लेइंग-11 में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
डेब्यू से पहले ही बना ली पहचान
वैभव ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से पहले ही क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना ली है। उन्होंने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए दमदार प्रदर्शन किया था और 776 रन बनाए थे। वैभव आईपीएल के इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। आईपीएल में वैभव ने पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और जसप्रीत बुमराह जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ अपना कौशल दिखाया था। इतना ही नहीं, वैभव ने हाल ही में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारत ए के लिए खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ 11 गेंदों पर पचासा लगाया था जो प्रथम श्रेणी क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक है। अब वह पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल हुए हैं।
बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो
आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए भारत की टीम में सूर्यवंशी को शामिल किया गया है। हालांकि मैनेजमेंट उनके डेब्यू के बारे में कुछ भी साफ नहीं कह रहा है, लेकिन इस युवा ओपनर ने नेट्स में भारतीय राष्ट्रीय टीम के गेंदबाजों का सामना करते हुए अपनी काबिलियत दिखा दी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के शेयर किए गए एक वीडियो में सूर्यवंशी शानदार शॉट्स खेलते हुए दिखे। वह न तो मौके के दबाव से घबराए, न ही गेंदबाजों के स्तर या उस बड़े मंच से जिस पर वे खेल रहे थे। वीडियो में सूर्यवंशी को नो-लुक शॉट खेलते हुए भी देखा जा सकता है। ऐसा लगता है कि उन्होंने अपने खेल में यह नया हथियार शामिल किया है।
वैभव के लिए आयरलैंड की क्या है रणनीति
आयरलैंड की टीम के लिए सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी के खिलाफ तैयारी करना एक अलग अनुभव है। लेकिन आयरलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन कैलिट्ज ने कहा कि भारत के इस युवा स्टार के लिए कोई अलग प्लान नहीं है। उन्होंने कहा, हम हर खिलाड़ी को एक जैसा ही मानते हैं, चाहे वह विराट कोहली हों, श्रेयस अय्यर हों या सूर्यवंशी खेल रहे हों। हम सभी के साथ एक जैसा ही व्यवहार करते हैं। हम वीडियो और संभावित प्लान देखकर तैयारी करते हैं। लेकिन आखिर में आप चाहे जितनी भी योजना बना लें खेल के बीच में चीजें बदल सकती हैं।