फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs IRE T20: आयरलैंड के खिलाफ टी20 में विकेटकीपर जितेश को मिल सकता है डेब्यू का मौका, सैमसन पर लटकी तलवार

Wed, 16 Aug 2023 06:26 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डबलिन

सार

सैमसन ने टी20 में पिछला अर्धशतक जून 2022 में लगाया था। वह अब तक 19 टी20 पारियों में 18.50 की औसत और 131.62 के स्ट्राइक रेट से 333 रन बना चुके हैं। जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। इस प्रदर्शन से उन्होंने खुद को परेशानी में डाल दिया है।
विज्ञापन
जितेश शर्मा और संजू सैमसन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। वह पांचों मुकाबले में खेले, लेकिन सिर्फ तीन पारियों में बैटिंग का मौका मिला। इसमें भी वह सिर्फ 32 रन ही बना सके शुरुआती दो टी20 में तो सैमसन तब आउट हुए, जब उनकी टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी। यही वजह रही कि टीम इंडिया को शुरुआती दोनों टी20 में हार का सामना करना पड़ा। अब उन पर तलवार लटक रही है।
विज्ञापन


टीम इंडिया को 18 अगस्त से आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। ऐसे में उन्हें प्लेइंग-11 में जगह बनाने के लिए चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय चयनकर्ताओं ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले तूफानी विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी स्क्वॉड में शामिल किया है। ऐसे में इस टी20 सीरीज में सैमसन पर जितेश को तरजीह दी जा सकती है।

संजू सैमसन - फोटो : अमर उजाला
खोया हुआ फॉर्म हासिल करने की कोशिश करेंगे सैमसन
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह कप्तानी करते दिखेंगे, जो एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह से फिटनेस हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में ज्यादातर वह खिलाड़ी हैं जो चीन के हांगझोऊ में होने वाले एशियन गेम्स में खेलते नजर आएंगे। वहीं, सैमसन को फॉर्म हासिल करने के लिए इस स्क्वॉड में शामिल किया गया। सैमसन ने टी20 में पिछली तीन पारियों में 12, 7, 13 रन बनाए हैं।

सैमसन ने टी20 में पिछला अर्धशतक जून 2022 में लगाया था। वह अब तक 19 टी20 पारियों में 18.50 की औसत और 131.62 के स्ट्राइक रेट से 333 रन बना चुके हैं। जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। इस प्रदर्शन से उन्होंने खुद को परेशानी में डाल दिया है। ऐसे में अगर टीम मैनेजमेंट जितेश को खिलाने का फैसला करता है तो इसमें चौंकाने जैसा कुछ नहीं होगा। 

जितेश शर्मा को मिल सकता है मौका


29 साल के महाराष्ट्र के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा एशियन गेम्स में भारत के फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर बैटर होंगे। उन्हें प्रभसिमरन सिंह पर तरजीह दी जा सकती है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट एशियन गेम्स से पहले जितेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढलने और इसके दबाव को झेलने के लिए मौका दे सकता है। जितेश ने आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए कई बार मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी की है। वह पंजाब के लिए पांचवें या छठे स्थान पर बल्लेबाजी करते थे। खुद को 15-20 गेंदों के लिए मानसिक तौर पर तैयार करना आसान नहीं है, लेकिन जितेश ने उस रोल को बखूबी निभाया था। ऐसे में चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट उनकी क्षमता से अच्छी तरह से परिचित होगा।

सैमसन वनडे वर्ल्ड कप टीम में शामिल हो सकते हैं



मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसन को वनडे वर्ल्ड कप में रिजर्व विकेटकीपर के तौर पर शामिल करने को लेकर बातचीत जारी है। ईशान किशन और केएल राहुल का चुना जाना तय माना जा रहा है। अगर राहुल फिटनेश हासिल करने में नाकाम रहते हैं तो सैमसन को मौका भी मिल सकता है, लेकिन चयनकर्ता उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित हैं। टैलेंटेड होने के बावजूद सैमसन मौका मिलने पर कुछ खास प्रदर्शन करने में अब तक नाकाम रहे हैं। हालांकि, टीम मैनेजमेंट वर्ल्ड कप के लिए टीम का एलान करने से पहले उन्हें कुछ और मौका देने पर जरूर विचार कर रहा होगा, लेकिन क्या वह आयरलैंड सीरीज में प्लेइंग-11 में जगह बनाने में कामयाब हो पाएंगे? यह बहुत ही मुश्किल फैसला हो सकता है, क्योंकि इस सीरीज में हर रोल के लिए पहले से ही कई खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

आयरलैंड के खिलाफ ये हो सकती है प्लेइंग-11

आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करते दिखेंगे। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में चौथे नंबर पर बैटिंग करने वाले तिलक वर्मा सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में तीसरे स्थान पर बैटिंग कर सकते हैं। तिलक शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। सैमसन को तीसरे स्थान पर बैटिंग का मौका दिया जा सकता था, क्योंकि आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए वह कई बार इस पोजिशन पर बैटिंग कर चुके हैं, लेकिन फिर स्क्वॉड में बिग हिटर शिवम दुबे भी हैं, जो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस पोजिशन पर फ्लोटर के तौर आकर अच्छी बल्लेबाजी कर चुके हैं। इसके अलावा शिवम मिडियम पेसर भी हैं। उनकी पावर हिटिंग स्किल की वजह से प्लेइंग-11 में उन्हें मौका मिल सकता है।

सैमसन खेले तो जितेश-रिंकू में से कोई एक होगा बाहर

इसके अलावा विकेटकीपर जितेश शर्मा और रिंकू सिंह भी पांचवें और छठे स्थान पर खेलने के लिए दावेदार हैं। अगर सैमसन खेलते हैं तो जितेश या रिंकू में से किसी एक को बेंच पर बैठना पड़ सकता है। भारतीय टी20 और वनडे टीमों को एक अच्छे मिडिल ऑर्डर फिनिशर की जरूरत है। ऐसे में कप्तान जसप्रीत बुमराह और स्टैंड-इन कोच सितांशू कोटक रिंकू या जितेश को मौका देने के बारे में जरूर सोचेंगे। जितेश के अलावा रिंकू कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कई बार यह दायित्व निभा चुके हैं। उनकी लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के को कौन भूल सकता है। भारत आयरलैंड के बीच पहला टी20 18 अगस्त, दूसरा टी20 20 अगस्त और तीसरा टी20 23 अगस्त को खेला जाएगा।

There Will Be Some Tears When I Wear The India Jersey": Rinku Singh On  Maiden National Call-Up | Cricket News
विज्ञापन

आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा/संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई/शाहबाज अहमद, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह/मुकेश कुमार। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें