भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में वह सिर्फ 10 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी विकेट इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने हासिल की। आर्चर ने पिछली पारी की तरह इस बार भी सूर्यवंशी को लगातार शॉर्ट गेंदों से परेशान किया। शुरुआती कुछ गेंदों का सामना करने के बाद वैभव ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही तरीके से बल्ले पर नहीं आई और मिड-ऑन पर आसान कैच थमा बैठे।
आउट होने के बाद दिखी नाराजगी
आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी काफी निराश नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने कैच पूरी तरह पूरा होने का इंतजार भी नहीं किया और तुरंत पवेलियन की ओर लौटने लगे। इस दौरान उन्होंने आसमान की ओर देखते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यह इस सीरीज में उनका लगातार तीसरा कम स्कोर रहा। दूसरे टी20 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सूर्यवंशी अब तक अपनी प्रतिभा के अनुरूप बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं।
भारत के लिए 'करो या मरो' का मुकाबला
इससे पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत 0-2 से पीछे है और टीम के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारत पहली जीत की तलाश में उतरा।
दो खिलाड़ियों की चोट के कारण बदलाव
टॉस के दौरान श्रेयस अय्यर ने बताया कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण चौथे और पांचवें टी20 से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है। टॉस के बाद अय्यर ने कहा कि टीम पिछले मुकाबलों की गलतियों से सीख लेकर नए उत्साह के साथ मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार तेजी से खुद को ढालना और योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करना ही जीत की कुंजी होगी। उन्होंने पिच को अच्छी बताते हुए कहा कि उस पर घास है और शुरुआती ओवरों में उसके व्यवहार को समझना अहम रहेगा।