क्या है पूरा मामला?
खासतौर पर स्ट्राइक पर मौजूद रहे जैक क्राउली की तरफ से खूब ड्रामा हुआ। क्राउली जसप्रीत बुमराह के रन अप के बाद स्ट्राइक से हट गए थे। बुमराह ने अंपायर से इसकी शिकायत भी की। फिर क्राउली ने अगली गेंद पर अंगुली में चोट का नाटक किया। इस पर भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया। कुछ खिलाड़ियों ने क्राउली की इस हरकत पर ताली बजाई, तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ताली बजाते हुए उनके करीब पहुंचे और इम्पैक्ट सब का इशारा करते हुए क्राउली से वापस जाने को कहा। इस पर क्राउली भी बौखला गए और कुछ-कुछ कहने लगे। फिर गिल ने क्राउली को अंगुली दिखाकर चेतावनी भी दी। इस पर बेन डकेट भी गिल के पास पहुंचे और कुछ कहते दिखाई दिए। गिल ने उनका भी मुंहतोड़ जवाब दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर क्राउली बीट हुए तो बिना कुछ बोले पवेलियन की ओर लौट पड़े।
राहुल ने क्या कहा?
राहुल ने कहा कि क्राउली की रणनीति उन्हें समझ में आती है क्योंकि वह खुद एक सलामी बल्लेबाज हैं। उन्होंने कहा, 'तीसरे दिन के अंत में जो हुआ वह अब खेल का हिस्सा है। मैं एक सलामी बल्लेबाज के नजरिए से समझता हूं। मुझे ठीक-ठीक पता है कि क्या हो रहा था और सभी को ठीक-ठीक पता है। लेकिन एक सलामी बल्लेबाज पूरी तरह समझ जाएगा कि आखिरी पांच मिनट में क्या हुआ।' गिल भी जोश में थे और स्टंप माइक से आए ऑडियो में उनकी भावनाएं झलक रही थीं। राहुल ने कहा, 'मैंने उन्हें कई बार जोश में देखा है, लेकिन जाहिर है कि यहां हम दो ओवर फेंकना चाहते थे। छह मिनट बचे थे और इसमें दो ओवर कोई बड़ी बात नहीं है। कोई भी टीम छह मिनट में दो ओवर फेंक लेगी।'
राहुल ने कहा, 'अंत में मैच थोड़ा नाटकीय था। हम सभी उत्साहित थे क्योंकि हम जानते हैं कि जब आप पूरे दिन मैदान पर रहे हों तो बल्लेबाज के लिए दो ओवर बल्लेबाजी करना कितना मुश्किल होता है। हमें उम्मीद थी कि हम वहां एक विकेट ले पाएंगे और दिन के खेल के अंत में एक विकेट हमारे लिए एकदम सही होता।' इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी भी 387 रन पर समाप्त हुई। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं। मैच रोमांचक मोड़ पर है और दो दिन का खेल बाकी है। फिलहाल तीनों नतीजे संभव हैं।