भारत को इंग्लैंड ने एजबेस्टन टेस्ट में हरा दिया। इस जीत के साथ उसने पांच टेस्ट की सीरीज को 2-2 की बराबरी पर समाप्त किया। चार अगस्त 2021 को शुरू हुई यह सीरीज पांच जुलाई 2022 को पूरी हुई। इस सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे थी, लेकिन पांचवें टेस्ट में हार के बाद 15 साल बाद इंग्लैंड में सीरीज जीतने का सपना अधूरा रह गया। टीम इंडिया पिछली बार 2007 में वहां सीरीज अपने नाम करने में सफल रही थी।
पिछले साल चार टेस्ट में भारत 2-1 से आगे था। 10 सितंबर से मैनचेस्टर में पांचवां टेस्ट होना था, लेकिन भारतीय कैंप में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण उस मैच को टाल दिया गया। वही मुकाबला अब एजबेस्टन में खेला गया। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो की शानदार पारी ने इंग्लैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
जो रूट
- फोटो : सोशल मीडिया
सीरीज के पांच मैचों में क्या-क्या हुआ?
पहला टेस्ट: सीरीज की शुरुआत नॉटिंघम में हुई। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जो रूट के 64 रनों की बदौलत मेजबान टीम ने पहली पारी में 183 रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार, मोहम्मद शमी ने तीन, शार्दुल ठाकुर ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिए। टीम इंडिया पहली पारी में 278 रनों पर सिमट गई। उसके लिए केएल राहुल ने 84 और रवींद्र जडेजा ने 56 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिंसन ने पांच और जेम्स एंडरसन ने चार विकेट लिए। भारत को 95 रनों की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में इंग्लिश ने 303 रन बनाए। जो रूट ने 109 रन की पारी खेली। भारत के लिए बुमराह ने पांच, सिराज-शार्दुल ने दो-दो और शमी ने एक विकेट लिए। उसने भारत को जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य दिया। टीम ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 52 रन बनाए। राहुल ने 26, रोहित ने नाबाद 12 और पुजारा ने नाबाद 12 रन बनाए। ब्रॉड को एक सफलता मिली। मैच ड्रॉ हो गया। जो रूट को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
केएल राहुल
- फोटो : twitter@BCCI
दूसरा टेस्ट: सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स, लंदन में आयोजित हुआ। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने 364 रन बनाए। केएल राहुल ने 129, रोहित शर्मा ने 83, विराट कोहली ने 42 और रवींद्र जडेजा ने 40 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए एंडरसन ने पांच, रॉबिंसन ने दो, मार्क वुड ने दो और मोईन अली ने एक विकेट लिए। वहीं, इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 391 रन बनाए। जो रूट ने 180 रन ठोके। जॉनी बेयरस्टो ने 57 और रोरी बर्न्स ने 49 रन बनाए। भारत के लिए सिराज ने चार, इशांत ने तीन और शमी ने दो विकेट लिए। इंग्लैंड को पहली पारी में 27 रनों की बढ़त मिली।
भारत ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 298 रन बनाकर घोषित की। उसके लिए अजिंक्य रहाणे ने 61, मोहम्मद शमी ने नाबाद 56, चेतेश्वर पुजारा ने 45 और बुमराह ने नाबाद 34 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड ने तीन, रॉबिंसन और मोईन ने दो-दो और सैम करन ने एक विकेट लिए। इंग्लैंड को 272 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन वह 120 रनों पर ही ढेर हो गई। जो रूट ने 33 और जोस बटलर ने 25 रन बनाए। भारत के लिए सिराज ने चार, बुमराह ने तीन, इशांत ने दो और शमी ने एक विकेट लिए। भारतीय टीम लॉर्ड्स टेस्ट 151 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे हो गई। विराट कोहली लॉर्ड्स में टेस्ट जीतने वाले कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत के तीसरे कप्तान बने। केएल राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ओली रॉबिंसन
- फोटो : सोशल मीडिया
तीसरा टेस्ट: नॉटिंघम के बाद तीसरा टेस्ट हेडिंग्ले, लीड्स में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया पहली पारी में 78 रनों पर ढेर हो गई। रोहित ने 19 और रहाणे ने 18 रन बनाए। बाकी कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। एंडरसन और क्रेग ओवर्टन ने तीन-तीन विकेट लिए। रॉबिंसन और करन को दो-दो सफलता मिली। इंग्लैंड ने पहली पारी में 432 रन बनाए। जो रूट ने 121, डेविड मलान ने 70, हसीब हमीद ने 68 और रोरी बर्न्स ने 61 रन बनाए। भारत के लिए शमी ने चार, बुमराह-सिराज और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। इंग्लिश टीम को 354 रनों की बढ़त हासिल हुई।
भारतीय टीम दूसरी पारी में 278 रन पर ऑलआउट हो गई। पुजारा ने 91, रोहित ने 59, कोहली ने 55 और जडेजा ने 30 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए रॉबिंसन ने पांच, ओवर्टन ने तीन, एंडरसन और मोईन ने एक-एक विकेट लिए। टीम इंडिया मैच में पारी और 76 रन से हार गई। इंग्लैंड ने सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खड़ा कर दिया। रॉबिंसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
चौथा टेस्ट: सीरीज का चौथा मुकाबला लंदन के केनिंगटन ओवल में खेला गया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम 191 रन पर सिमट गई। शार्दुल ठाकुर ने 57 और कोहली ने 50 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने चार, रॉबिंसन ने तीन, एंडरसन और ओवर्टन ने एक-एक विकेट लिए। इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 290 रन बनाए। ओली पोप ने 81 और क्रिस वोक्स ने 50 रन बनाए। भारत के लिए उमेश यादव ने तीन, बुमराह और जडेजा ने दो-दो, शार्दुल और सिराज ने एक-एक विकेट लिए। इंग्लैंड को 99 रनों की बढ़त मिली।
भारत ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की और 466 रन बनाए। रोहित ने 127, पुजारा ने 61, शार्दुल ने 60, पंत ने 50 और कोहली ने 44 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए वोक्स ने तीन विकेट लिए। मोईन और रॉबिंसन को दो-दो सफलता मिली। एंडरसन, रूट और ओवर्टन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। इंग्लैंड को जीत के लिए 268 रन का लक्ष्य मिला। वह 210 रनों पर सिमट गई। टीम इंडिया को 157 रनों से जीत मिल गई। इंग्लैंड के लिए हसीब हमीद ने 63 और रोरी बर्न्स ने 50 रन बनाए। भारत के लिए उमेश ने तीन विकेट झटके। बुमराह, जडेजा और शार्दुल को दो-दो सफलता मिली। रोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जीत के बाद जश्न मनाते जो रूट और जॉनी बेयरस्टो
- फोटो : सोशल मीडिया
पांचवां टेस्ट: इंग्लैंड के खिलाफ इस पांचवें टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर सिमट गई और भारत को 132 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 245 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड को 378 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे इंग्लिश टीम ने हासिल कर लिया। उसने 76.4 ओवर में तीन विकेट पर 378 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए पहली पारी में ऋषभ पंत ने 146 और रवींद्र जडेजा ने 104 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन ने पांच विकेट झटके। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जॉनी बेयरस्टो ने 106 रन बनाए। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए।
दूसरी पारी में टीम इंडिया के लिए चेतेश्वर पुजारा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 66 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत ने 57 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने चार विकेट झटके। इंग्लैंड की दूसरी पारी में जो रूट और जॉनी बेयरस्टो ने कमाल किया। रूट ने नाबाद 142 और बेयरस्टो ने नाबाद 114 रन बनाए। एलेक्स लीस ने 56 और जैक क्रॉली ने 46 रन की पारी खेली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए।