वक्त बदलते ही लोगों के सुर भी बदल जाते हैं....ऐसा ही कुछ शनिवार को ऋषभ पंत का शतक पूरा होने के बाद हुआ। जब कमेंट्री बॉक्स में बैठे सुनील गावस्कर विकेटकीपर बल्लेबाज का शतक पूरा होने के बाद
सुपर्ब-सुपर्ब-सुपर्ब कहते सुनाई पड़े। कुछ ही महीने पहले जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी और स्कॉट बोलैंड के खिलाफ खराब शॉट खेलकर जब पंत ने विकेट गंवा दिया था तब गावस्कर ही थे जिन्होंने पंत को
स्टुपिड-स्टुपिड-स्टुपिड कहकर लताड़ लगाई थी। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
पंत ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
इंग्लैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़कर अपने हुनर का मुजायरा पेश किया। उपकप्तान ने 146 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक पूरा किया और अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। पंत ने अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक पूरा किया और टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीट विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने छह शतक लगाए थे। वहीं, पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा तीन शतक लगाकर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
पंत ने इस तरह मनाया जश्न
शतक पूरा करने के बाद पंत ने शानदार अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने अपने ग्लव्स और हेलमेट उतारा और समरसॉल्ट किया। उनका अंदाज देखकर कप्तान शुभमन गिल भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। अब सोशल मीडिया पर पंत के जश्न का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। मालूम हो कि, यह पहला मौका नहीं है जब पंत ने इस तरह जश्न मनाया है। इससे पहले उन्होंने आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स के आखिरी लीग मैच में शतक लगाया था और तब भी इस तरह जश्न मनाया था।