पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को भारत की प्लेइंग 11 में किसी विशेषज्ञ स्पिनर का नहीं होना खटक रहा है। उन्होंने कहा कि जिन दो धीमी गति के गेंदबाजों के साथ भारत खेल रहा है, वह कितना कारगर साबित होंगे। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच बुधवार से शुरू हो गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पांच विकेट पर 310 रन बना लिए हैं।
'मैं हैरान हूं'
एजबेस्टन टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग 11 में रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को बतौर स्पिनर शामिल किया गया है। वहीं, कुलदीप यादव को एक बार फिर ड्रॉप कर दिया गया। सौरव गांगुली ने कहा- मुझे यकीन नहीं है कि भारत अपने दो सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों को खिलाए या नहीं। इंग्लैंड ने पहले फील्डिंग चुनी, मैं इससे हैरान हूं। मुझे लगता है कि इस समय भारत के पास यह सबसे अच्छा मौका है। बोर्ड पर रन बनाएं और उम्मीद है कि यह काम करेगा।
सुनील गावस्कर ने भी उठाए सवाल
गांगुली के अलावा पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी कुलदीप यादव को नहीं चुनने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- 'मैं इस बात से थोड़ा हैरान हूं कि कुलदीप को नहीं चुना गया, क्योंकि इस तरह की पिच पर, जहां हर कोई कहता है कि इसमें थोड़ा ज्यादा टर्न है। अगर आपके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज आपको अपेक्षित रन नहीं दे रहे हैं, तो वाशिंगटन नंबर सात या नrतीश रेड्डी नंबर आठ पर जरूरी नहीं कि इसे ठीक कर दें, क्योंकि ये वे बल्लेबाज नहीं थे जिन्होंने पहले टेस्ट में आपको विफल किया था। आपने 830 रन बनाए। आपने दो पारियों में 380 रन नहीं बनाए - यह 830 से अधिक रन थे। यह बहुत सारे रन हैं। इसलिए, जहां आपको मजबूती की जरूरत थी वह विकेट लेने वाला विभाग था, बल्लेबाजी में नहीं।