इंग्लैंड दौरे के बीच भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और उपकप्तान ऋषभ पंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें भारतीय दिग्गजों को कपिल शर्मा शो में मजाक मस्ती करते देखा जा रहा है। शो के होस्ट कपिल एक सवाल पूछते हैं, जिसका पंत मजेदार जवाब देते हैं और सभी हंसने लगते हैं।
कपिल के सवाल पर पंत का मजेदार जवाब
दरअसल, नेटफ्लिक्स के शो 'कपिल शर्मा शो' में भारतीय टीम के कोच और उपकप्तान पहुंचे। इस दौरान उनके साथ स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल भी मौजूद थे। कपिल ने उनसे सवाल किया, 'ज्यादातर परिवारों में एक जेठानी होती है जो फैसले लेती है। ऐसा कौन खिलाड़ी है? कोई ऐसा जो सबको आदेश देता है, भले ही वे सिर्फ अपनी वरिष्ठता का फायदा उठा रहे हों।' इसके जवाब में पंत कहते हैं, 'रोहित भाई ऐसे ही हैं।' तभी गौतम गंभीर हंसते हुए कहते हैं कि, 'मैंने कहा रोहित का नाम ले ले, अब तो रिटायर हो गया।'
रोहित-विराट ले चुके टेस्ट से संन्यास
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। उनके बाद विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। अब भारतीय टीम इन दोनों दिग्गजों के बिना इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलती नजर आ रही है। टीम के नेतृत्व का जिम्मा शुभमन गिल पर है जबकि उनके डिप्टी ऋषभ पंत हैं।