भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को पहले टी20 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ अपने संबंधों को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच अच्छी दोस्ती है। इस दौरान स्टार बल्लेबाज ने अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाए जाने पर भी बात की।
सूर्यकुमार ने हार्दिक के साथ रिश्ते पर की बात
आईपीएल में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हैं। सूर्यकुमार यादव उस टीम के अहम सदस्य हैं। जब सूर्या से हार्दिक के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- उनके साथ मेरा रिश्ता वास्तव में बहुत अच्छा रहा है। हम बहुत लंबे समय से खेल रहे हैं। मुझे अभी भी 2018 याद है जब मैं मुंबई इंडियंस से जुड़ा था और आज तक उस टीम का हिस्सा हूं। यह (भारतीय टीम की कप्तानी) सिर्फ अतिरिक्त जिम्मेदारी है जो मुझे मिली है।
उन्होंने आगे कहा, हम मैदान के बाहर और अंदर अच्छे दोस्त है। जब हम फ्रेंचाइजी क्रिकेट में वापस जाते हैं, तो यह (कप्तानी) उसके पास आ जाती है, इसलिए मैं थोड़ा आराम कर सकता हूं। हम जानते हैं कि हम टीम के साथ आगे क्या चाहते हैं।
अक्षर को क्यों बनाया गया कप्तान
इस दौरान भारतीय कप्तान ने हार्दिक पांड्या की जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाए जाने पर भी बात की। उन्होंने कहा- अक्षर को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। हमने देखा कि उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में क्या किया था। वह काफी लंबे समय से टीम के साथ हैं।
भारत अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप का सह-मेजबान है और अक्षर को जिम्मेदारी सौंपना भविष्य के लिए बीसीसीआई के दृष्टिकोण को दर्शाता है। सूर्यकुमार ने इस बात पर जोर दिया कि यह व्यक्तिगत भूमिकाओं के बजाय सामूहिक नेतृत्व समूह के बारे में अधिक है। उन्होंने कहा, हार्दिक भी नेतृत्व करने वाले समूह का हिस्सा है। जब हम बैठते हैं, तो हम तय करते हैं कि हमें आगे खेल में क्या करना है और मैदान पर भी हम विचार विमर्श करते है। वह हमेशा मेरे आसपास रहता है। ऐसा लगता है कि मैदान पर हमारे पास बहुत सारे कप्तान है।
संजू सैमसन होंगे मुख्य विकेटकीपर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने स्पष्ट किया कि संजू सैमसन टीम के मुख्य विकेटकीपर बने रहेंगे जबकि ध्रुव जुरेल उनके विकल्प होंगे। सूर्या ने कहा- फिलहाल विकेटकीपर पर कोई सवालिया निशान नहीं है। संजू ने पिछले सात-आठ, शायद 10 मैचों में वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने साबित किया है कि वह क्या करने में सक्षम है।
उन्होंने टी20 विश्व कप के लिए योजना के बारे में पूछने पर कहा, विश्व कप से पहले अभी भी एक लंबा रास्ता तय करना है। मैं इसके बारे में सीधे तौर पर नहीं सोचना चाहता। यह एक टीम बनाने के बारे में है। कौन सा खिलाड़ी किस स्थिति में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है?