पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि श्रेयस अय्यर को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में चुना जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें मौका मिलना चाहिए। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 20 जून से खेली जाएगी। आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंच चुकी है और जमकर अभ्यास कर रही है।
सौरव गांगुली ने रेवस्पोर्ट्ज को दिए एक इंटरव्यू में श्रेयस अय्यर की अनदेखी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- पिछले एक साल से वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा रहे हैं और उन्हें इस टीम में होना चाहिए था। पिछला एक साल उनके लिए शानदार रहा है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें टीम से बाहर रखा गया। वह अब दबाव में रन बना रहे हैं, जिम्मेदारी ले रहे हैं और शॉर्ट बॉल को अच्छी तरह खेल रहे हैं। हालांकि टेस्ट क्रिकेट अलग है, लेकिन मैं उन्हें इस सीरीज में शामिल करना चाहता था ताकि देख सकूं कि वह क्या कर सकते हैं।
पिछले साल इस प्रारूप में खेलते दिखे थे श्रेयस अय्यर
आगामी सीरीज के लिए चुने गए 18 सदस्यीय स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 811 रन बनाए। उन्हें आखिरी बार इस प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल खेलते देखा गया था, जब टीम भारत दौरे पर आई थी।
रणजी और आईपीएल में चमके अय्यर
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुंबई के लिए सात पारियों में 68.57 की औसत से दो शतकों के साथ 480 रन बनाए थे। आईपीएल की बात करें तो उन्होंने पंजाब किंग्स का नेतृत्व करते हुए टीम को फाइनल में पहुंचाया था। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया था और ट्रॉफी जीती थी। इस सीजन श्रेयस का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 17 मैचों में 604 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से छह अर्धशतक निकले।
'भारत जीतेगा सीरीज'
इस दौरान गांगुली ने जसप्रीत बुमराह के फॉर्म पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन भारत के लिए बहुत मायने रखेगा। उन्होंने आगे कहा- हमें बस दो चीजों की जरूरत है, अच्छी बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह का फिट रहना। हमने ऑस्ट्रेलिया में, मेलबर्न (2020-21) में, युवा बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ जीत हासिल की, जिसमें विराट कोहली या रोहित शर्मा नहीं थे। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम क्यों नहीं जीत सकते।
भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा (शेड्यूल)
भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। इस सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट दो जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जबकि चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के ओवल में खेला जाएगा। इस सीरीज के साथ ही भारत के नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (2025-27) की शुरुआत भी हो जाएगी।