फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: इंग्लैंड दौरे पर श्रेयस की अनदेखी से भड़के सौरव गांगुली, चयनकर्ताओं को लताड़ा; कहा- मैं होता तो..

Wed, 11 Jun 2025 06:55 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आगामी सीरीज के लिए चुने गए 18 सदस्यीय स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 811 रन बनाए। उन्हें आखिरी बार इस प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल खेलते देखा गया था।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर-गौतम गंभीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि श्रेयस अय्यर को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में चुना जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें मौका मिलना चाहिए। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 20 जून से खेली जाएगी। आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंच चुकी है और जमकर अभ्यास कर रही है।
विज्ञापन
Trending Videos

सौरव गांगुली ने रेवस्पोर्ट्ज को दिए एक इंटरव्यू में श्रेयस अय्यर की अनदेखी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- पिछले एक साल से वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा रहे हैं और उन्हें इस टीम में होना चाहिए था। पिछला एक साल उनके लिए शानदार रहा है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें टीम से बाहर रखा गया। वह अब दबाव में रन बना रहे हैं, जिम्मेदारी ले रहे हैं और शॉर्ट बॉल को अच्छी तरह खेल रहे हैं। हालांकि टेस्ट क्रिकेट अलग है, लेकिन मैं उन्हें इस सीरीज में शामिल करना चाहता था ताकि देख सकूं कि वह क्या कर सकते हैं।

पिछले साल इस प्रारूप में खेलते दिखे थे श्रेयस अय्यर
आगामी सीरीज के लिए चुने गए 18 सदस्यीय स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 811 रन बनाए। उन्हें आखिरी बार इस प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल खेलते देखा गया था, जब टीम भारत दौरे पर आई थी।

रणजी और आईपीएल में चमके अय्यर
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुंबई के लिए सात पारियों में 68.57 की औसत से दो शतकों के साथ 480 रन बनाए थे। आईपीएल की बात करें तो उन्होंने पंजाब किंग्स का नेतृत्व करते हुए टीम को फाइनल में पहुंचाया था। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया था और ट्रॉफी जीती थी। इस सीजन श्रेयस का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 17 मैचों में 604 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से छह अर्धशतक निकले। 

'भारत जीतेगा सीरीज'
इस दौरान गांगुली ने जसप्रीत बुमराह के फॉर्म पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन भारत के लिए बहुत मायने रखेगा। उन्होंने आगे कहा- हमें बस दो चीजों की जरूरत है, अच्छी बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह का फिट रहना। हमने ऑस्ट्रेलिया में, मेलबर्न (2020-21) में, युवा बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ जीत हासिल की, जिसमें विराट कोहली या रोहित शर्मा नहीं थे। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम क्यों नहीं जीत सकते।
विज्ञापन

भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा (शेड्यूल)
भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। इस सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट दो जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जबकि चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के ओवल में खेला जाएगा। इस सीरीज के साथ ही भारत के नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (2025-27) की शुरुआत भी हो जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें