भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम छह विकेट पर 160 रन ही बना सकी। क्रिकेट में भारत को पहली बार पदक मिलेगा। पिछली बार 1998 में पुरुष टीम खाली हाथ लौटी थी।
मंधाना की बात करें तो उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 7.5 ओवर में 76 रनों की साझेदारी कर दी। इस दौरान मंधाना ने 23 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली 17 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुईं।
स्मृति टी20 में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। स्मृति ने इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। वहीं, 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 25 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।
फाइनल में सात अगस्त को भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। टीम इंडिया की जीत में सबसे बड़ा योगदान स्टार ओपनर स्मृति मंधाना का ही रहा है। उन्होंने मैच की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में की। 23 गेंद पर अर्धशतक लगाकर इंग्लैंड की टीम को चौंका दिया। उस समय से मैच में भारत का दबदबा मजबूत हो गया था। अंत में मुकाबला रोमांचक जरूर हुआ, लेकिन टीम इंडिया मैच जीतने में सफल रही।