सैमसन ने लगातार दूसरे मैच में दिखाया दम
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत के लिए एक बार फिर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। सैमसन ने पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर पर एक चौका और एक छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। अभिषेक हालांकि, एक बार फिर सस्ते में आउट हुए जिसके बाद सैमसन पर दबाव बढ़ा। अभिषेक के आउट होने के बाद सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर साझेदारी बनाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमले किए और भारत की रन गति को तेज रखा। ईशान और सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 97 रनों की साझेदारी की और इसमें अधिक योगदान सैमसन का रहा।
सैमसन ने 26 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। सैमसन धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे थे और लग रहा था कि पिछले मैच में जो कमी रह गई वो इस मैच में पूरी हो जाएगी। यानी सैमसन इस मैच में शतक बनाने में सफल रहेंगे, लेकिन विल जैक्स की गेंद पर वह फिल सॉल्ट को कैच थमा बैठे। सैमसन 42 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43, ईशान किशन ने 39, हार्दिक पांड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल राशिद को दो-दो विकेट मिले, जबकि जोफ्रा आर्चर को एक सफलता मिली।