भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गुरुवार (15 फरवरी) को खेले जाने वाले इस मैच से पहले स्टेडियम का नाम बदल गया है। इस मैदान का नया नाम निरंजन शाह स्टेडियम होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने बुधवार को इसकी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया के कप्तान और उपकप्तान के नाम का एलान किया।
पूर्व बीसीसीआई सचिव के नाम से पहचाना जाएगा स्टेडियम
सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम का नया नाम निरंजन शाह स्टेडियम होगा। पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई सचिव रहे निरंजन शाह के नाम पर अब इस स्टेडियम को पहचाना जाएगा। निरंजन शाह ने साल 1960 से 1970 के बीच सौराष्ट्र के लिए 12 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले। हालांकि, उन्हें कभी भारत के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला। इस मैदान पर अब तक सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। वहीं, दूसरे मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी थी। वहीं, टी20 विश्व कप 2024 में रोहित शर्मा टीम इंडिया के कप्तान होंगे और हार्दिक पांड्या उपकप्तान होंगे। इसकी घोषणा शाह ने की।
स्पिनर्स के लिए मददगार पिच
2013 में निरंजन शाह स्टेडियम में पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया था। इसके बाद से अब तक सभई प्रारुपों में यहां कुल 11 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस स्टेडियम पर बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है। यहां की बाउंड्री छोटी होने की वजह से आसानी से चौके और छक्के लगते हैं। हालांकि, इस स्टेडियम पर खेले जाने वाले टेस्ट मैचों के आखिरी दो दिनों में स्पिनर्स को सहायता मिलती है।
1-1 की बराबरी पर सीरीज
भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें बढ़त दर्ज करने के लिए उतरेंगी। हैदराबाद में खेले गए शुरुआती मुकाबले में बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम ने भारत को 28 रन से मात दी थी। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने वापसी करते हुए इंग्लैंड को 106 रन से मात देकर सीरीज 1-1 की बराबरी पर ला दी। अब दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।