तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स की चोट के बाद भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम में वापसी हुई है। वह नवंबर 2025 के बाद पहला वनडे खेलेंगे। सीरीज के आखिरी दो मैच 16 और 19 जुलाई को कार्डिफ और लॉर्ड्स में होंगे। हैरी ब्रूक टीम के कप्तान हैं।
तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स की भारत के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के बाकी बचे मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम में वापसी हो गई है। 30 वर्षीय कार्स कलाई और कोहनी की चोटों के कारण काफी समय से मैदान से दूर थे। हालांकि, हाल ही में उन्होंने डरहम काउंटी क्रिकेट क्लब के लिए तीन टी20 मैच खेले हैं, जिसके बाद उन्हें टीम में वापस बुलाया गया है।
विज्ञापन
आईपीएल से भी बाहर हो गए थे कार्स
इससे पहले, नेट सत्र के दौरान सीधे हाथ में चोट लगने के कारण कार्स आईपीएल 2026 सीजन से भी बाहर हो गए थे, हालांकि, उनकी उस चोट की सटीक जानकारी का खुलासा नहीं किया गया था। इंग्लैंड के लिए उन्होंने अपना आखिरी मैच सिडनी में नए साल के दौरान खेले गए एशेज टेस्ट में खेला था, जबकि उनका आखिरी वनडे मुकाबला नवंबर 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। कार्स ने अब तक खेले 30 वनडे मैचों में 40.44 के औसत से 34 विकेट चटकाए हैं। इस वनडे सीरीज के अंतिम दो मैच 16 जुलाई को कार्डिफ में और 19 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे।