फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: लीड्स में 2002 के बाद कोई भारतीय टेस्ट में नहीं लगा सका शतक, क्या इस बार गिल-यशस्वी करेंगे कमाल?

Fri, 20 Jun 2025 12:02 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

सार

हेडिंग्ल में अब तक छह भारतीयों ने शतक लगाए हैं। इनमें विजय मांजरेकर, टाइगर पटौदी, दिलीप वेंगसरकर, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली शामिल हैं।
विज्ञापन
भारत का इंग्लैंड दौरा - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच आज से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जाएगा। इंग्लिश टीम ने प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी है, जबकि भारतीय प्लेइंग-11 की घोषणा टॉस के दौरान होगी। भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में अब तक कुल मिलाकर सात टेस्ट खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया को सिर्फ दो टेस्ट में जीत मिली है। चार में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। ऐसे में शुभमन गिल के लिए यह चुनौती आसान नहीं रहने वाली है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हेडिंग्ले में साल 2002 के बाद से कोई भारतीय टेस्ट में शतक नहीं लगा पाया है। पिछले 23 साल का सूखा क्या इस बार समाप्त हो पाएगा, यह अगले पांच दिनों के अंदर पता चल जाएगा। 
विज्ञापन

हेडिंग्ले में अब तक छह भारतीयों के शतक
हेडिंग्ल में अब तक छह भारतीयों ने शतक लगाए हैं। इनमें विजय मांजरेकर, टाइगर पटौदी, दिलीप वेंगसरकर, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली शामिल हैं। विजय मांजरेकर ने 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ल में 133 रन की पारी खेली थी। वहीं, टाइगर पटौदी ने 1967 में इसी मैदान पर 148 रन बनाए थे। वेंगसरकर ने 1986 में यहां नाबाद 102 रन की पारी खेली थी। वहीं, साल 2002 में इस मैदान पर भारत की ओर से तीन-तीन शतक लगे थे। द्रविड़ ने तब इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ल टेस्ट में 148 रन की पारी खेली थी, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 193 रन बनाए थे। वहीं, कप्तान सौरव गांगुली ने भी इसी मैदान पर 128 रन की पारी खेली थी। 

2002 के बाद किसी भारतीय का यहां शतक नहीं
इसके बाद से हेडिंग्ले में ऐसा शतकों का सूखा पड़ा कि भारत का कोई बल्लेबाज इसे नहीं बना पाया। 2002 के बाद से इस मैदान पर किसी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन का है। चेतेश्वर पुजारा ने 2021 के इंग्लैंड दौरे पर इस मैदान पर इतने रन बनाए थे। वहीं, रोहित शर्मा ने 2021 में ही इस मैदान पर 59 रन और विराट कोहली ने 55 रन बनाए थे। हालांकि, इस बार की भारतीय टीम में ऐसे कई बल्लेबाज हैं जो इस सूखे को समाप्त कर सकते हैं। इनमें यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल में यह दमखम दिखता है। 
विज्ञापन

मौजूदा टीम के इन खिलाड़ियों को हेडिंग्ले का अनुभव
हालांकि, मौजूदा भारतीय टीम में सिर्फ पांच खिलाड़ियों को ही इस मैदान पर खेलने का अनुभव है। इनमें केएल राहुल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। 2014 और 2018 के इंग्लैंड दौरे पर लीड्स में कोई टेस्ट नहीं खेला गया था। 2021 में ये पांचों इस मैदान पर हुए टेस्ट का हिस्सा रहे थे। तब राहुल ने उस मुकाबले में 0, 8 रन की पारियां खेली थीं। वहीं, पंत पहली पारी में दो रन और दूसरी पारी में एक रन बना पाए थे। जडेजा उस टेस्ट में पहली पारी में चार रन और दूसरी पारी में 30 रन बनाए थे। वहीं, बुमराह और सिराज दोनों ने ही पहली पारी में दो-दो विकेट लिए थे, जबकि इंग्लैंड ने वह टेस्ट पारी और 76 रन से अपने नाम किया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें