फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ind vs Eng Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत का स्कोर तीन विकेट पर 145 रन; इंग्लैंड से 242 रन पीछे

Fri, 11 Jul 2025 11:07 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

इंग्लैंड ने पहली पारी में जो रूट के शतक और जेमी स्मिथ व ब्रायडन कार्स की मदद से पहली पारी में 10 विकेट पर 387 रन बनाए। भारत ने अपनी पहली पारी में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 145 रन बना लिए हैं। स्टंप्स के समय केएल राहुल 113 गेंदों में 53 और ऋषभ पंत 33 गेंदों में 19 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। भारत अभी इंग्लैंड से 242 रन पीछे है।
विज्ञापन
केएल राहुल - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:07 PM, 11-Jul-2025

दूसरे दिन का खेल समाप्त

जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी ने जहां इंग्लैंड को पहली पारी में विशाल स्कोर बनाने से रोका, वहीं सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने अर्धशतक लगाकर भारतीय पारी को संभाले रखा। इंग्लैंड ने पहली पारी में 387 रन बनाए थे। भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में तीन विकेट पर 145 रन बनाए हैं और वह अभी इंग्लैंड से 242 रन पीछे चल रही है। स्टंप्स के समय केएल राहुल 53 रन और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला है। 

इंग्लैंड को ऑलआउट करने के बाद भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने यशस्वी जायसवाल का विकेट जल्द गंवाया जो आठ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन जोफ्रा आर्चर की गेंद पर हैरी ब्रूक को कैच थमा बैठे। इसके बाद केएल राहुल ने करुण नायर के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। इसे बेन स्टोक्स ने करुण को आउट कर तोड़ा। करुण अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन 62 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हो गए। 

इंग्लैंड को शुभमन गिल के रूप में तीसरी मिली। क्रिस वोक्स ने शुभमन गिल को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। पिछले टेस्ट में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले कप्तान गिल तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और 16 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए राहत की बात यह रही कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे। पंत पहले दिन विकेटकीपिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे और मैदान से बाहर चले गए थे। उन्होंने दूसरे दिन भी विकेटकीपिंग नहीं की थी और उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने ही विकेट के पीछे जिम्मा संभाला था। हालांकि, बल्लेबाजी के लिए पंत उतरे जिससे उनकी चोट को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा।

10:48 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: केएल का पचासा

केएल राहुल ने 96 गेंदों में अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और ऋषभ पंत के साथ 25 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। भारत का स्कोर 130 के पार पहुंच गया।

10:14 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत को तीसरा झटका

क्रिस वोक्स ने शुभमन गिल को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया है। पिछले टेस्ट में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले कप्तान गिल तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और 16 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए राहत की बात यह है कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतर गए हैं। पंत पहले दिन चोटिल हो गए थे और उन्होंने आज विकेटकीपिंग नहीं की थी। 

विज्ञापन
09:08 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: करुण 40 रन बनाकर आउट

भारत को दूसरा झटका बेन स्टोक्स ने दिया। उन्होंने करुण नायर को अपना शिकार बनाया। वह 62 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी निभाई। जो रूट ने करुण का कैच लपककर उन्हें आउट कराया। अब केएल का साथ देने शुभमन गिल आए हैं।

08:36 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: तीसरे सत्र का खेल जारी

तीसरे सत्र का खेल जारी है। करुण नायर और केएल राहुल क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 50 के करीब पहुंच गया है।

विज्ञापन
08:15 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: चायकाल तक स्कोर 44/1

भारत ने पहली पारी में एक विकेट गंवा दिया। जोफ्रा आर्चर ने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बना पाए। अब क्रीज पर केएल राहुल और करुण नायर मौजूद हैं। चायकाल तक भारत ने एक विकेट पर 44 रन बना लिए हैं।

07:13 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: यशस्वी जायसवाल आउट हुए

भारत को पहला झटका जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। वह आठ गेंदों में सिर्फ 13 रन बना पाए। अब केएल राहुल का साथ देने करुण नायर आए हैं।

07:08 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत की पहली पारी शुरू

भारत की पहली पारी शुरू हो चुकी है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 10 विकेट पर 387 रन बनाए हैं।

07:07 PM, 11-Jul-2025

इंग्लैंड की पहली पारी समाप्त

इंग्लैंड की पहली पारी 387 रन पर सिमट गई। उनके लिए जो रूट ने शतकीय और जेमी स्मिथ व ब्रायडन कार्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल चार विकेट पर 251 रन बनाकर समाप्त किया था। उस वक्त जो रूट 99 और बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

दूसरे दिन इंग्लैंड की शुरुआत खराब हुई। बुमराह ने पहले सत्र में तीन विकेट झटके। उन्होंने बेन स्टोक्स (44), जो रूट (104) और क्रिस वोक्स (0) को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद मोर्चा जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने संभाला। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई जिसे सिराज ने तोड़ा। उन्होंने जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया, जो 56 गेंदों में 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बुमराह ने जोफ्रा आर्चर के रूप में इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। भारत के खिलाफ पहली पारी में ब्रायडन कार्स अपना पहला अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उन्होंने 83 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। उन्हें सिराज ने बोल्ड किया। शोएब बशीर एक रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले मुकाबले के शुरुआती दिन जैक क्राउली ने 18, बेन डकेट ने 23, ओली पोप ने 44 रन बनाए थे। वहीं, भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट झटके जबकि मोहम्मद सिराज और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने एक विकेट हासिल किया।  

06:44 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रायडन कार्स का अर्धशतक

ब्रायडन कार्स ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा कर लिया। उनका साथ देने के लिए शोएब बशीर मौजूद हैं।

06:35 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: बुमराह ने आर्चर को बोल्ड किया

बुमराह ने इंग्लैंड को नौवां झटका जोफ्रा आर्चर के रूप में दिया। तेज गेंदबाज ने आर्चर को बोल्ड किया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। इस विकेट के साथ बुमराह ने पांच विकेट पूरे कर लिए। यह उनका 15वां पांच विकेट हॉल है।

06:20 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: जेमी स्मिथ 51 रन बनाकर आउट

इंग्लैंड को आठवां झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। वह 51 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। जब स्मिथ ने पांच रन बनाए थे तब सिराज की ही गेंद पर केएल राहुल ने उनका कैच छोड़ा था। इस जीवनदान का स्मिथ ने लाभ उठाया और अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ब्रायडन कार्स के साथ आठवें विकेट के लिए 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभाई। अब बल्लेबाजी के लिए जोफ्रा आर्चर आए हैं।

06:13 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: दूसरे सत्र का खेल जारी

दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

05:37 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: पहले सत्र का खेल समाप्त

इंग्लैंड की दूसरे दिन की शुरुआत खराब हुई। जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटके। उन्होंने पहले सत्र में बेन स्टोक्स (44), जो रूट (104) और क्रिस वोक्स (0) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद मोर्चा जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने संभाला। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 106 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों क्रमश: 51 और 33 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। लंच तक इंग्लैंड ने सात विकेट पर 353 रन बना लिए हैं।

05:29 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: जेमी स्मिथ ने जड़ा पचासा

जेमी स्मिथ ने 52 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया है। वह कार्स के साथ 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं और इंग्लैंड का स्कोर 350 के पार पहुंचा दिया है।

05:12 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: स्मिथ-कार्स के बीच 60+ रन की साझेदारी

स्मिथ-कार्स ने भारत के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है।

04:47 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: स्मिथ-कार्स के बीच 40+ रन की साझेदारी

जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भारत को आठवें विकेट की तलाश है। इंग्लैंड ने सात विकेट पर 312 रन बना लिए हैं।

03:59 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: क्रिस वोक्स आउट हुए

इंग्लैंड को सातवां झटका भी बुमराह ने दिया। उन्होंने क्रिस वोक्स को जुरेल के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब क्रीज पर जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स हैं।

03:55 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: बुमराह ने स्टोक्स के बाद रूट को बोल्ड किया

इंग्लैंड को दिन के खेल का दूसरा और ओवरऑल छठा झटका बुमराह ने दिया। उन्होंने जो रूट को बोल्ड किया। वह 199 गेंदों में 10 चौके की मदद से 104 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर जेमी स्मिथ और क्रिस वोक्स मौजूद हैं।

03:44 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: स्टोक्स बाहर हुए

भारत को पहले सत्र में बुमराह ने सफलता दिलाई। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को बोल्ड किया। वह 110 गेंदों में चार चौके की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। स्टोक्स और रूट के बीच पांचवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई। अब रूट का साथ देने के लिए जेमी स्मिथ आए हैं।

03:34 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: रूट के शतक से हुई दिन के खेल की शुरुआत

दूसरे दिन के खेल की शुरुआत जो रूट के शतक से हुई है। उन्होंने 192 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 37वां सैकड़ा पूरा किया। वह बेन स्टोक्स के साथ 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। इंग्लैंड का स्कोर भी 250 के पार पहुंच गया है।

03:26 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: पंत की चोट पर आया बड़ा अपडेट

बीसीसीआई ने दूसरे दिन की शुरुआत से पहले पंत की चोट पर बड़ा अपडेट दिया। बोर्ड ने कहा- ऋषभ पंत अभी भी अपनी बाएं हाथ की अंगुली में लगी चोट से उबर रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है। ध्रुव जुरेल दूसरे दिन भी विकेटकीपिंग करते रहेंगे।
 

03:16 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: पंत की चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता

भारतीय टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत पहले दिन चोटिल हो गए। पंत को विकेटकीपिंग करते वक्त अंगुली में गेंद लगी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए। पंत के मैदान से बाहर जाने के बाद सब्स्टीट्यूट के तौर पर ध्रुव जुरेल मैदान पर उतरे और उन्होंने विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाला। पंत विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल रहे थे और गेंद उनके बाएं हाथ की अंगुली में लगी जिसके बाद वह दर्द में नजर आए। पंत को देखने के लिए मैदान पर फिजियो आए जिन्होंने स्प्रे भी किया। फिजियो ने पंत को पीने के लिए कुछ दिया, लेकिन उन्हें दर्द ज्यादा हो रहा था जिसके बाद जुरेल को मैदान पर उतारा गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पंत की फिटनेस पर अपडेट देते हुए बताया कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज मेडिकल टीम की निगरानी में है।

03:15 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: भारतीय गेंदबाजों के सामने फीका रहा बैजबॉल का रंग

इंग्लैंड के लिए भले ही रूट ने शानदार बल्लेबाजी की और पहले पोप तथा बाद में स्टोक्स के साथ साझेदारी निभाई, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन इंग्लैंड की पारी धीमी रही। बैजबॉल युग में यह किसी टेस्ट मैच के पहले दिन इंग्लैंड का न्यूनतम स्कोर में से एक है। इंग्लैंड ने पहले दिन 3.02 की रन रेट से रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों को भले ही ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन वे इंग्लैंड की रन गति पर लगाम लगाने में सफल रहे। रूट पहले दिन शतक नहीं लगा सके, लेकिन उनके पास शुक्रवार को सैकड़ा जड़ने का मौका रहेगा। रूट ओवरऑल 18 और इंग्लैंड के छठे बल्लेबाज हैं जो दिन का खेल समाप्त होने तक 99 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। इससे पहले सभी 17 बल्लेबाजों ने अगले दिन शतक पूरे किए हैं और अब देखना दिलचस्प होगा कि रूट शुक्रवार को अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक पूरा करते हैं या नहीं। रूट भारत के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। 

03:11 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: नीतीश ने दो विकेट झटके

रूट और पोप ने दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया जिससे दूसरे सत्र में भारत एक भी विकेट नहीं ले सका। रवींद्र जडेजा ने तीसरे सत्र की शुरुआत में ही भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जडेजा ने विकेट के पीछे जुरेल के हाथों कैच कराकर ओली पोप को आउट किया। पोप और रूट के बीच 109 रनों की साझेदारी हुई। पोप अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बुमराह ने हैरी ब्रूक को बोल्ड कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया जो 11 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए अब तक नीतीश ने दो विकेट लिए, जबकि बुमराह और जडेजा को एक-एक सफलता मिली है।

03:10 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: रूट ने पोप के साथ निभाई शतकीय साझेदारी

पहले गेंदबाजी का न्योता मिलने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए और दोनों ओपनरों को जल्द पवेलियन भेजा। इंग्लैंड को 43 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। नीतीश ने बेन डकेट को अपना शिकार बनाया और वह 40 गेंदों में 23 रन बना पाए। नीतीश ने फिर जैक क्राउली को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वह 43 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दो झटके लगने के बाद जो रूट ने ओली पोप के साथ मिलकर पारी संभाली और पहले सत्र में भारत को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। 

03:06 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत के सामने टिके जो रूट

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन क्रीज पर टिक रहे। रूट अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक लगाने से एक रन दूर हैं। इंग्लैंड ने रूट की शानदार बल्लेबाजी की मदद से दिन के खेल की समाप्ति तक पहली पारी में चार विकेट पर 251 रन बनाए हैं। स्टंप्स के समय रूट 191 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 99 रन और कप्तान बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 79 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

12:23 PM, 11-Jul-2025

Ind vs Eng Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत का स्कोर तीन विकेट पर 145 रन; इंग्लैंड से 242 रन पीछे

Live Cricket Score, India vs England (Ind vs Eng) 3rd Test 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी लॉर्ड्स टेस्ट (तीसरा मुकाबला) का दूसरा दिन है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और फिलहाल उनकी पहली पारी जारी है। गुरुवार का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने चार विकेट पर 251 रन बनाए थे। भारत की नजर इंग्लैंड को ऑलआउट करने पर होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें