शार्दुंल ठाकुर (57) और कप्तान विराट कोहली (50) को छोड़कर भारत का कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों की स्विंग और सीम का ढंग से सामना नहीं कर सका लेकिन जसप्रीत बुमराह (2/15) ने खतरनाक पहले स्पैल में दो विकेट चटकाकर चौथे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन भारत को मैच में लौटाया।
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर भारत के 191 रन के जवाब में इंग्लैंड ने तीन विकेट 53 रन पर गंवा दिए थे। बुमराह ने दोनों सलामी बल्लेबाजों रोरी बर्न्स (5) और हसीब हमीद (0) को पवेलियन भेजा जब स्कोर बोर्ड पर छह ही रन टंगे थे। बुमराह ने छह ओवर में दो विकेट चटकाए। उमेश यादव ने दूसरे स्पैल में शानदार आफ कटर पर फॉर्म में चल रहे जो रूट (21) को आउट किया।
इससे पहले भारत ने सात विकेट 127 रन पर गंवा दिए थे लेकिन अपना चौथा टेस्ट खेल रहे गेंदबाजी ऑलराउंडर ठाकुर ने 36 गेंद में 57 रन बनाकर टीम को 200 के करीब पहुंचाया। उन्होंने उमेश के साथ आठवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े।
भारतीय पारी क्रिस वोक्स (4/55) और ओली रॉबिंसन (3/38) की गेंदबाजी के आगे 61.3 ओवर में खत्म हो गई और एक बार फिर नामी गिरामी बल्लेबाजों ने निराश किया।
ठाकुर के अलावा कप्तान विराट कोहली ने अर्द्धशतक जमाया लेकिन इन दोनों को छोड़कर कोई और बल्लेबाज 20 रन के पार नहीं पहुंच सका। कोहली ने कुछ अच्छे कवर ड्राइव लगाए लेकिन रॉबिनसन की गेंद पर विकेट के पीछे जॉनी बेयरस्टो को आसान कैच दे बैठे।
इससे पहले वोक्स की गेंद पर जो रूट ने स्लिप में उनका कैच छोड़ा था लेकिन उसका ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। दूसरे सत्र में रविंद्र जडेजा (10) और अजिंक्य रहाणे (14) भी पवेलियन लौटे। बल्लेबाजी क्रम में रहाणे से ऊपर पांचवें नंबर पर आये जडेजा (10) को वोक्स ने रूट के हाथों लपकवाया।
युवा ऋषभ पंत नौ रन बनाकर संयम खो बैठे । वोक्स ने उनका विकेट लिया। इसके बाद ठाकुर ने संभलकर खेलते हुए अपनी आक्रामक पारी में सात चौके और तीन छक्के जड़े।
इससे पहले वोक्स की वापसी से मजबूत हुए इंग्लैंड के तेज आक्रमण ने एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजी के शीर्षक्रम की नींव हिला दी और लंच तक भारत ने तीन विकेट 54 रन पर गंवा दिए थे। रोहित शर्मा (11), राहुल (17) और चेतेश्वर पुजारा (04)पवेलियन सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। पुजारा 11वीं बार एंडरसन का शिकार बने।
वासु के सम्मान में काली पट्टी
भारतीय खिलाड़ी पूर्व क्रिकेटर और प्रतिष्ठित कोच वासु परांजपे के सम्मान में बाजुओं पर पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे जिनका इस हफ्ते के शुरू में मुंबई में निधन हो गया था। बीसीसीआई ने काली पट्टी पहने भारतीय टीम के खिलाड़ियों के साथ एक फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘भारतीय क्रिकेट टीम वासुदेव परांजपे के सम्मान में काली पट्टी बांधकर खेल रही है।’
अश्विन को नहीं मिली जगह
मैच से पहले उम्मीद की जा रही थी कि भारतीय टीम अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को अंतिम एकादश में शामिल करेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीय टीम ने दो बदलाव किए जिसमें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जगह उमेश यादव और इशांत की जगह शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया।