मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को 10 विकेट से मात दे दी। चौथी पारी में भारत द्वारा दिए गए 57 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने आसानी से पा लिया। मेहमानों की ओर से सलामी बल्लेबाज निक कांपटन ने 30 और एलिस्टर कुक ने 18 रन बनाए। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज में 1-1 की बराबरी भी कर ली।
भारत की पारी आज 142 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। 65 रन के स्कोर पर उन्हें स्वान ने पगबाधा किया। जहीर खान मोंटी पनेसर के गेंद पर विकेट के पीछे मैट प्रायर के हाथों लपके गए। कल के नाबाद बल्लेबाज हरभजन सिंह आज स्वान की गेंद पर ट्राट के हाथों कैच हो गए। उन्होंने 5 गेंदों पर 6 रन बनाए। पनेसर ने 6 विकेट अपने नाम किए, जबकि स्वान ने 4 विकेट झटके। प्रज्ञान ओझा नाबाद रहे।
कल का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में भारतीय ने 117 रन पर 7 विकेट खो दिए। दूसरी पारी में भी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और वीरेंद्र सहवाग (09) को आउट कर पनेसर ने इंग्लैंड को पहली सफलता हासिल की। पहली पारी में सचिन तेंदुलकर (08) को बोल्ड करने वाले पनेसर ने इस बार उन्हें एलबीडब्लू आउट कर पेवेलियन लौटाया। युवराज सिंह (08), कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (06) और आर अश्विन (11) भी पनेसर की फिरकी में फंसकर अपना विकेट गंवा बैठे। रही सही कसर ग्रीम स्वान ने दूसरे छोर से चेतेश्वर पुजारा (06) और विराट (07) को आउट करके पूरा कर दी।
इंग्लैंड ने भारत के पहली पारी में बनाए 327 रन के जवाब में पहली पारी में 413 रन बनाकर 86 रन की बढ़त हासिल की। सुबह, इंग्लैंड ने अपनी पारी दो विकेट पर 178 रन से आगे बढ़ाई। कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान एलिस्टर कुक और केविन पीटरसन ने शानदार शतकीय पारी खेली।
दोनों ने अपने-अपने टेस्ट कैरियर का 22वां शतक जड़ा। कुक ने 270 गेंदे खेलते हुए 13 चौकों और एक छक्के के साथ 122 रन बनाए। वहीं, पीटरसन दोहरे शतक से चूक गए। उन्होंने 233 गेंदों में 20 चौकों और चार छक्कों के साथ 186 रन की मैराथन पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 206 रन जोड़कर वानखेड़े में इस विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी निभाई। भारत के लिए प्रज्ञान ओझा ने पांच और हरभजन सिंह ने दो विकेट चटकाए।