सार
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथे टी20 से पहले बीसीसीआई ने बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज के बाकी दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं। ब्रिस्टल में खेले जा रहे चौथे टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, जबकि प्लेइंग इलेवन में वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी हुई है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार को ब्रिस्टल में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी की जानकारी दी।
क्यों बाहर हुए हर्षित और वरुण?
चौथे टी20 में तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। टॉस के दौरान श्रेयस अय्यर ने सिर्फ टीम में दो बदलाव की जानकारी दी, लेकिन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी की वजह नहीं बताई। इसके बाद बीसीसीआई ने अपडेट जारी करते हुए बताया कि हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने दोनों खिलाड़ियों का आकलन किया, जिसके बाद उन्हें चौथे और पांचवें टी20 मुकाबले से बाहर कर दिया गया।
टॉस के बाद क्या बोले श्रेयस अय्यर?
टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। हम अपने प्लान को पूरी तरह लागू नहीं कर पा रहे हैं। खिलाड़ी जोश में हैं और हमें मैच की परिस्थितियों को समझते हुए जल्द संतुलन बनाना होगा। तकनीकी रूप से हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पिच अच्छी दिख रही है। हमने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा वापस आए हैं।'
इंग्लैंड ने भी किया एक बदलाव
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि अगर टॉस उनके पक्ष में जाता तो वे भी पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते। उन्होंने बताया कि टीम में लियाम डॉसन की जगह रेहान अहमद को शामिल किया गया है।
भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला
भारतीय टीम इस समय सीरीज में 2-0 से पीछे चल रही है। पहला टी20 बारिश की वजह से बेनतीजा रहा था, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत को चार विकेट और तीसरे मैच में 125 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सीरीज में बने रहने के लिए टीम इंडिया के लिए चौथा टी20 जीतना बेहद जरूरी है।