फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: 'मैं चयनकर्ता नहीं..', इंग्लैंड दौरे के लिए क्यों हुई श्रेयस की अनदेखी? कोच गंभीर ने दिया जवाब

Wed, 28 May 2025 08:21 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए 18 सदस्यीय स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 811 रन बनाए।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर-गौतम गंभीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान हो चुका है। अगले महीने दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। रोहित शर्मा के संन्यास के बाद शुभमन गिल को भारतीय टीम का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि, फॉर्म में चल रहे श्रेयस अय्यर को एक बार फिर चयनकर्ताओं की अनदेखी का सामना करना पड़ा है। अब इस पर मौजूदा मु्ख्य कोच गौतम गंभीर का बयान आया है।
विज्ञापन

क्यों हुई श्रेयस अय्यर की अनदेखी?
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए 18 सदस्यीय स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक भारत के लिए 14 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 811 रन बनाए। उन्हें आखिरी बार इस प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल खेलते देखा गया था, जब टीम भारत दौरे पर आई थी। जब भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर से श्रेयस अय्यर को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- 'मैं चयनकर्ता नहीं हूं।'

रणजी और आईपीएल में चमके अय्यर
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुंबई के लिए सात पारियों में 68.57 की औसत से दो शतकों के साथ 480 रन बनाए थे। अब वह आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स का नेतृत्व कर रहे हैं और दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 14 पारियों में श्रेयस ने 171.90 के स्ट्राइक रेट से 514 रन बनाए हैं। उनके नेतृत्व में पंजाब की टीम अब प्लेऑफ में खेलेगी। 

आईपीएल फाइनल में सेना प्रमुखों को बुलाए जाने पर खुश हुए गंभीर
इस दौरान गंभीर ने आईपीएल 2025 फाइनल में तीनों सेना प्रमुखों के साथ सीडीएस को बुलाए जाने की प्रशंसा की। उन्होंने इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सराहना भी की। गंभीर ने कहा, 'यह अविश्वसनीय कदम है। बीसीसीआई ने एक अच्छी पहल की है। यह दर्शाता है कि पूरा देश एक है और हमारे सशस्त्र बलों को सलाम कर रहा है। बिना किसी स्वार्थ के हमारी रक्षा करने के लिए मैं श्रेय सशस्त्र बलों को देता हूं।'

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाएगा बीसीसीआई
बीसीसीआई ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने का फैसला किया है और इसके तहत बोर्ड ने समापन समारोह के लिए सीडीएस, थल सेना अध्यक्ष के साथ ही वायुसेना और नौसेना प्रमुख को भी न्योता दिया था। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा था, बोर्ड हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और निस्वार्थ सेवा को सलाम करता है, जिनके ऑपरेशन सिंदूर ने वीरतापूर्ण प्रयास से राष्ट्र की रक्षा की और हमें प्रेरित किया। सम्मान के रूप में हमने समापन समारोह को सशस्त्र बलों को समर्पित करने का फैसला किया है। हमने भारतीय सेना के तीनों सेना प्रमुख, शीर्ष रैंक के अधिकारी और जवानों को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि, आईपीएल के 18वें सत्र का खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीन जून (मंगलवार) को खेला जाएगा और बीसीसीआई ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। 

ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानिए
भारत ने सात मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं। इससे घबराए पाकिस्तान ने 10 मई को भारत के सामने सीजफायर का प्रस्ताव रखा, जिसे दोनों देशों ने आपसी चर्चा के बाद लागू कर लिया।
 
विज्ञापन

प्लेऑफ चरण की शुरुआत
आईपीएल 2025 सीजन का ग्रुप चरण अब समाप्त हो गया है और गुरुवार से प्लेऑफ की शुरुआत हो रही है। आईपीएल के प्लेऑफ में पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की टीमें पहुंची है। क्वालिफायर-1 में पंजाब का सामना आरसीबी से गुरुवार को होगा, जबकि एलिमिनेटर में शुक्रवार को मुंबई का मुकाबला गुजरात से होगा। क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम का सामना एलिमिनेटर की विजेता से रविवार को भिड़ेगी। तीन जून को फाइनल में क्वालिफायर-1 और क्वालिफायर-2 की विजेता टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें