भारत के खिलाफ अगले महीने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी को टेस्ट सीरीज के खत्म होने तक विशेषज्ञ कौशल सलाहकार नियुक्त किया है।
अंतरराष्ट्रीय सत्र के शुरुआती मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे साउदी
इस सीरीज की शुरुआत 20 जून से होगी। पहला मुकाबला लीड्स में खेला जाएगा। भारतीय टीम का यह दौरा 31 जुलाई से चार अगस्त तक ओवल में होने वाले पांचवें टेस्ट के साथ समाप्त होगा। इस सीरीज से पहले इंग्लैंड को जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलना है। इस मैच से पहले साउदी इंग्लैंड की टीम से जुड़ेंगे और भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज तक विशेषज्ञ सलाहकार की भूमिका निभाएंगे।
'द हंड्रेड' में भी खेलेंगे साउदी
न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज टिम साउदी ने पिछले साल के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने 107 टेस्ट मैच में 391 विकेट, 161 वनडे मैच में 221 विकेट और 126 टी20 मैच में 164 विकेट हासिल किए हैं। ईसीबी ने साउदी को विशेषज्ञ सलाहकार नियुक्त करने की जानकारी देते हुए कहा- दुनिया भर में विभिन्न परिस्थितियों और सभी प्रारूपों में खेलने के अपने विशाल अनुभव के साथ वह खिलाड़ियों को अहम जानकारी प्रदान करेंगे। सलाहकार की भूमिका के बाद वह बर्मिंघम फीनिक्स के लिए ‘द हंड्रेड’ में खेलना शुरू करेंगे।