फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: भारत को बड़ा झटका, अगले टेस्ट से बाहर हुए ऋषभ पंत, किशन और जगदीशन में किसे चुना जाएगा?

Thu, 24 Jul 2025 01:51 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मैनचेस्टर

सार

पहली पारी में पंत 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब रिवर्स स्वीप के चक्कर में गेंद आकर उनके पैर पर लगी। इसके बाद वह जमीन पर ही लेट गए और काफी दर्द में दिखे। पंत के दाहिने पैर से खून रिसता हुआ देखा गया, साथ ही शरीर के उस हिस्से में काफी सूजन भी थी।
विज्ञापन
ऋषभ पंत - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड दौरे पर भारत को एक और बड़ा झटका लगा है। भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने का दौर जारी है और अब इसमें उपकप्तान ऋषभ पंत का नाम जुड़ चुका है। पंत चोटिल होकर इंग्लैंड के खिलाफ अगले टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। उन्हें मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए पैर में चोट लगी थी। इसके बाद वह काफी दर्द में दिखे थे और रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उन्हें स्कैन के लिए भी ले जाया गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि उनके पैर की अंगुली टूट गई है और डॉक्टर्स ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। हालांकि, वह पहली पारी में छह विकेट गिरने के बाद टूटी अंगुली के साथ बल्लेबाजी के लिए आए। बीसीसीआई ने बताया कि वह जरूरत के हिसाब से इस टेस्ट में बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, विकेटकीपिंग ध्रुव जुरेल करेंगे।
विज्ञापन


ऋषभ पंत - फोटो : PTI
पहली पारी में पंत 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब रिवर्स स्वीप के प्रयास में गेंद आकर उनके पैर पर लगी। भारतीय पारी के 68वें ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद उनके दाहिने पैर पर लगी। इसके बाद वह जमीन पर ही लेट गए और काफी दर्द में दिखे थे। फीजियो के आने पर भी वह दर्द से कराहते दिखे थे। फिर उन्हें उठाकर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन वह चल नहीं सके। फिर उन्हें एंबुलेंस में ले जाया गया। पंत के दाहिने पैर से खून रिसता हुआ देखा गया, साथ ही शरीर के उस हिस्से में काफी सूजन भी थी।

पंत का अगले टेस्ट से बाहर होना बड़ा झटका है, क्योंकि वह इन फॉर्म बल्लेबाज हैं और मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। इंग्लैंड की टीम पहले ही सीरीज में 2-1 से आगे है। अगर भारतीय टीम यह टेस्ट हारती है तो सीरीज भी हार जाएगी। 

ऋषभ पंत - फोटो : PTI
वहीं, बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, 'स्कैन रिपोर्ट में फ्रैक्चर दिखाया गया है और उन्हें छह हफ्तों तक आराम करने की सलाह दी गई है। बीसीसीआई जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का एलान करेगा और ईशान किशन रिप्लेसमेंट हो सकते हैं।' हालांकि, क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, किशन उपलब्ध नहीं हैं और तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन का भी नाम चर्चा में है। यह देखने वाली बात होगी कि किशन और जगदीशन में किसे चुना जाता है। पांचवां टेस्ट लंदन के द ओवल मैदान में 31 जुलाई से चार अगस्त तक खेला जाएगा। 

थिंक टैंक केएल राहुल को विकेटकीपिंग करने के लिए भी कह सकता है, लेकिन उन्होंने 2023-24 सीजन में दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद से यह जिम्मेदारी नहीं निभाई है। टीम के अन्य विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को चौथे टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग-11 में नहीं रखा गया था। सीरीज में पंत को दूसरी बार चोट लगी है। लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान विकेटकीपिंग करते हुए उनकी अंगुली में चोट लग गई थी जिसके कारण वह इंग्लैंड की दूसरी पारी में विकेटकीपिंग नहीं कर पाए थे। ध्रुव जुरेल ने तब रिप्लेसमेंट के तौर पर विकेटकीपिंग की थी और पंत ने सिर्फ बल्लेबाजी की थी।

ऋषभ पंत - फोटो : PTI
वहीं, इंडियन एक्सप्रेस ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से बताया, 'मेडिकल टीम यह देखने की कोशिश कर रही है कि क्या पंत दर्द निवारक दवा लेकर फिर से बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। ऐसा ही हुआ भी। अतिरिक्त स्कैन के बाद पंत अपने चोटिल पैर को सहारा देने के लिए ‘मून बूट’ (एक सुरक्षात्मक ऑर्थोपेडिक जूते) पहनकर स्टेडियम पहुंचे। 

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, 'वह अगले छह हफ्तों के लिए बाहर हो गए हैं। इशान किशन को कवर के तौर पर बुलाया जाएगा। उनकी मेटाटार्सल हड्डियों (टखने और पैर के अंगूठे के बीच स्थित पांच हड्डियों का समूह) में फ्रैक्चर लगता है। यह बिल्कुल भी अच्छी स्थिति नहीं है।' भारत पहले से ही चोट के संकट से जूझ रहा है। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (घुटने) सीरीज से बाहर हो चुके हैं और तेज गेंदबाज आकाश दीप (ग्रोइन) और अर्शदीप सिंह (अंगूठे) चौथे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं।
विज्ञापन

ऋषभ पंत - फोटो : BCCI X
शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को चौथे टेस्ट में मौका दिया गया। पंत ने अब तक इस सीरीज में चार मैचों में 66 की औसत से 462 रन बनाए थे। इनमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। पंत इससे पहले भी चोट की वजह से काफी समय तक क्रिकेट से दूर रहे थे। उनका 2022 के दिसंबर में एक्सीडेंट हुआ था और पैर में गंभीर चोट लगी थी। उन्होंने करीब डेढ़ साल बाद आईपीएल 2024 से क्रिकेट में वापसी की थी। अब एक बार फिर वह चोटिल हो गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें