फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: सीनियर्स हारे, पर भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को धोया, 442 रन बनाकर मेजबान को 211 रन पर समेटा

Fri, 27 Jun 2025 02:12 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, होव

सार

आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 442 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड यंग लायंस की टीम 41.1 ओवर में 211 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
वैभव, हरवंश और आयुष - फोटो : ANI/PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत की अंडर-19 टीम इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां उन्हें इंग्लैंड की अंडर-19 टीम के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इसकी शुरुआत आज होव में होगी। उससे पहले 24 जून को भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड के यंग लायंस के खिलाफ 50 ओवर का प्रैक्टिस मैच खेला। इस मैच में भारत के युवा खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की टीम को धो दिया। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 442 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड यंग लायंस की टीम 41.1 ओवर में 211 रन पर सिमट गई। भारतीय अंडर-19 टीम ने इसी के साथ इंग्लैंड यंग लायंस पर 231 रन की जीत के साथ इंग्लैंड की अंडर-19 टीम को चेतावना दे दी है कि उन्हें हल्के में लेने की कोशिश न करें। भले ही सीनियर टीम इंग्लैंड की सीनियर टीम के खिलाफ लीड्स टेस्ट हार गई हो, लेकिन आयुष म्हात्रे एंड कंपनी का इरादा कुछ और ही है।
विज्ञापन

भारतीय टीम की पारी

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 33 रन तक टीम ने अपने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए थे। कप्तान म्हात्रे एक रन और 14 साल के वैभव सूर्यवंशी 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और मौलयाराजसिंह चावड़ा ने तीसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी निभाई। विहान 31 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, चावड़ा ने 18 गेंद में पांच चौके की मदद से 23 रन की पारी खेली। अभिज्ञान कुंडू छह रन बनाकर आउट हुए। 

भारतीय लोअर ऑर्डर बैटर्स का तूफान

एक तरफ जहां भारतीय सीनियर टीम के लोअर ऑर्डर ने लीड्स टेस्ट में निराश किया था, वहीं दूसरी तरफ भारतीय अंडर-19 के लोअर ऑर्डर ने तूफान मचा दिया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए राहुल कुमार और इसके बाद आए कनिष्क चौहान ने छठे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी निभाई। राहुल 60 गेंद में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 73 रन और कनिष्क 67 गेंद में पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अंब्रिश ने 47 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से 72 रन की पारी खेली।

हालांकि, पार्टी इसके बाद शुरू हुई। लॉफबोरो में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हरवंश पंगलिया नाम की आंधी आई। जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे तो भारत का स्कोर सात विकेट पर 251 रन था। 52 गेंद पर आठ चौके और नौ छक्के की मदद से 103 रन जड़ दिए। वह नाबाद रहे। मोहम्मद एनान चार रन बनाकर आउट हुए। वहीं, हेनिल पटेल एक रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 442 रन बनाए। इंग्लैंड की यंग लायंस टीम की ओर से मैनी लुम्सडेन ने चार विकेट लिए, जबकि मैथ्यू फिरबैंक को तीन विकेट मिले। जय सिंह और जो हेवुड को एक-एक विकेट मिला। 

इंग्लैंड की पारी

जवाब में इंग्लैंड की यंग लायंस की टीम 211 रन पर सिमट गई। कप्तान विल बेनिसन ने सबसे ज्यादा 103 रन बनाए। उन्होंने 105 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। ओलिवर कर्टिस ने छह रन, ओवेन स्मिथ ने 28 रन की पारी खेली। कैलेब फाल्कोनर, ल्यूक हैंड्स और होप बेल खाता नहीं खोल सके। सेथ एसेनहाई ने 11 रन, जो हॉकिंस ने 15 रन की पारी खेली। लुम्सडेन 25 रन और आर्यमान वर्मा ने आठ रन की पारी खेली। हैदर हुसैन 10 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने तीन विकेट लिए। वहीं, नमन पुष्पक और विहान मल्होत्रा को दो-दो विकेट मिले। युद्धजीत गुहा और अंब्रिश को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, मौल्यराजसिंह चावड़ा, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (उप-कप्तान और विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, युधाजीत गुहा, प्रणव राघवेंद्र, मोहम्मद एनान, आदित्य राणा, अनमोलजीत सिंह।

स्टैंडबाय खिलाड़ी: नमन पुष्पक, डी दीपेश, वेदांत त्रिवेदी, विकल्प तिवारी, अलंकृत रापोल (विकेटकीपर)।
 

भारतीय अंडर-19 टीम का इंग्लैंड दौरा

तारीख (कब से)

कब तक

मैच

स्थान

24 जून

 

50-ओवर वार्म अप

लॉफबोरो यूनिवर्सिटी

27-जून

 

पहला वनडे

होव

30-जून

 

दूसरा वनडे

नॉर्थैम्पटन

02-जुलाई

 

तीसरा वनडे

नॉर्थैम्पटन

05-जुलाई

 

चौथा वनडे

वॉर्सेस्टर

07-जुलाई

 

पांचवां वनडे

वॉर्सेस्टर

12-जुलाई

15-जुलाई

पहला बहु दिवसीय

बेकनहैम

20-जुलाई

23-जुलाई

दूसरा बहु दिवसीय

केम्सफोर्ड

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें