भारत और इंग्लैंड के बीच जारी लॉर्ड्स टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। जैसे-जैसे मैच नतीजे की तरफ बढ़ रहा है, मैदान पर टेंशन बढ़ती जा रही है। पांचवें दिन पहले सत्र में कुछ ऐसा हुआ जिसके बाद रवींद्र जडेजा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दरअसल, भारत की दूसरी पारी के दौरान इंग्लैंड के गेंदबाज ब्रायडन कार्स और जडेजा के बीच तीखी बहस हो गई।
रवींद्र जडेजा-ब्रायडन कार्स
- फोटो : PTI
बुमराह और कार्स के बीच हुई बहस
यह मामला भारत की दूसरी पारी का है। रवींद्र जडेजा और नीतीश रेड्डी क्रीज पर मौजूद थे। जडेजा ने 35वें ओवर में कार्स की गेंद पर दो रन लेने के लिए दौड़ लगाई। एक रन आसानी से पूरा हो गया, लेकिन दूसरे रन के लिए जब जडेजा दौड़े तो कार्स उनके बीच में आ गए और दोनों टकरा गए। हालांकि, जडेजा ने खुद को संभाला और रन पूरा कर लिया। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें देखा जा सकता है जब दोनों की टक्कर होती है तो कार्स जडेजा की गर्दन में हाथ डाल लेते हैं। इससे जडेजा का संतुलन बिगड़ जाता है। रन पूरा करने के बाद उनकी कार्स से बहस भी होती है। दोनों के बीच बचाव में बेन स्टोक्स और हैरी ब्रूक को आना पड़ जाता है।