भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को नॉटिंघम में खेला जाएगा। भारतीय टीम को पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था और भारत सीरीज में 0-1 से पीछे चल रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की टी20 में यह तीसरी हार थी। इससे पहले टीम को आयरलैंड के खिलाफ भी दो मैचों में हार मिली थी। भारत को अगर सीरीज जीतनी है तो उसे हर हाल में तीसरा टी20 मुकाबला अपने नाम करना होगा।
बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना नहीं
- भारत ने दूसरे टी20 मैच में प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया था और संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया था।
- वैभव डेब्यू मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके थे, लेकिन यह तय है कि उन्हें तीसरे टी20 में भी मौका दिया जाएगा।
- इस स्थिति में एक बार फिर सैमसन को बाहर बैठना पड़ेगा। वैभव के साथ अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने उतरेंगे।
- तीसरे स्थान पर ईशान किशन और चौथे नंबर पर कप्तान श्रेयस बल्लेबाजी करने उतरेंगे।
- यानी ये तय है कि भारत बल्लेबाजी क्रम में तो कोई बदलाव नहीं करेगा।
बिश्नोई को बैठना पड़ सकता है बाहर
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम प्रबंधन अतिरिक्त तेज गेंदबाज को प्लेइंग-11 में शामिल करने पर विचार कर रहा है, जबकि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की जगह खतरे में दिखाई दे रही है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 में बिश्नोई पूरी तरह लय से बाहर नजर आए। उन्होंने तीन बैक-फुट नो-बॉल फेंकी और पारी के 17वें ओवर में 29 रन लुटाए। चार ओवर में बिना विकेट लिए 60 रन खर्च करने के बाद उनकी टीम में जगह पर सवाल उठने लगे हैं। ट्रेंट ब्रिज की परिस्थितियों को देखते हुए बिश्नोई का प्लेइंग-11 में शामिल होना मुश्किल माना जा रहा है। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। स्विंग और पिच से अतिरिक्त हरकत हासिल करने की उनकी क्षमता उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा से बेहतर विकल्प बनाती है, जिनकी बैक-ऑफ-द-लेंथ गेंदें टी20 क्रिकेट में अपेक्षाकृत आसान साबित होती हैं।
भारतीय बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
पिछले छह महीनों से आईपीएल समेत अधिकांश मुकाबले सपाट विकेटों पर खेलने वाली भारतीय बल्लेबाजी इकाई इंग्लैंड की अतिरिक्त उछाल, गेंद की हरकत और सैम करन जैसे गेंदबाजों की विविधताओं के सामने संघर्ष करती दिखी है। कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने कुछ उपयोगी रन जरूर बनाए हैं, लेकिन दोनों ही यह स्वीकार करेंगे कि वे इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नहीं हो सके। इंग्लैंड के स्पिनर लियाम डॉवसन, विल जैक्स और आदिल राशिद लगातार गेंद की गति कम रखकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। भारत ने पिछले दोनों मुकाबलों में क्रमशः 189 और 190 रन बनाए, लेकिन दोनों बार यह स्कोर कम से कम 25 से 30 रन कम साबित हुआ।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, जोश टंग, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर।