इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन जमकर हंगामा किया। उन्होंने अंपायर से बहस करते हुए घड़ी की तरफ इशारा किया और जायसवाल के डीआरएस लेने पर नाराजगी जताई। इसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
हम यहां आपको इस पूरे विवाद के बारे में जानकारी देंगे। आइये जानते हैं...
क्या है मामला?
दरअसल, यह विवाद भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के डीआरएस से जुड़ा है। भारतीय टीम की दूसरी पारी का आगाज केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने किया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई और भारत की बढ़त 200 के पार पहुंच गई। भारत की पारी के आठवें ओवर की चौथी गेंद पर इंग्लैंड ने जायसवाल के एलबीडब्ल्यू की अपील की। अंपायर ने आउट दे दिया। इसके बाद जायसवाल ने केएल राहुल से कुछ बातचीत की और डीआरएस लिया। लेकिन जैसे ही बाएं हाथ के बल्लेबाज ने डीआरएस लिया, तब टाइमर शून्य हो गया, लेकिन अंपायर ने उनकी मांग स्वीकार कर ली। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को यह बात पसंद नहीं आई और वह मैदान पर अंपायर से भिड़ गए। उन्होंने अंपायर को घड़ी की तरफ इशारा भी किया और जमकर बहस की, लेकिन अंपायर ने उनकी एक नहीं सुनी। यशस्वी को थर्ड अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया। वह 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए।