भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। उस मैच में भारत की पारी पूरी हो गई थी और टीम इंडिया ने इंग्लैंड के सामने 190 रनों का लक्ष्य रखा था। पहले टी20 में अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए थे, लेकिन संजू सैमसन और तिलक वर्मा का फ्लॉप शो जारी रहा था। इससे अब एक बार फिर इस चर्चा को बल मिल गया है कि क्या टीम प्रबंधन कोई कड़ा फैसला लेगा? या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंतजार जारी ही रहेगा।
सैमसन पर जारी रह सकता है भरोसा
अगर दूसरे टी20 मैच में भी टीम प्रबंधन सैमसन को मौका देता है तो फोकस इस पर रहेगा कि वह सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिए जाने की बढती मांग के बीच अपनी उपयोगिता साबित कर पाते हैं या नहीं। भारत की टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के सूत्रधार रहे सैमसन को कम से कम एक साल तक मौका दिया जा सकता था, लेकिन अब जबकि भारतीय क्रिकेट को सूर्यवंशी के रूप में एक असाधारण प्रतिभाशाली क्रिकेटर मिल गया है, ऐसे में सैमसन के लिए गलती की कोई गुंजाइश नहीं रह गई है। टी20 विश्व कप का शानदार प्रदर्शन भी टीम में उनकी जगह की गारंटी नहीं हो सकता।
शीर्ष क्रम का कैसा रहा है प्रदर्शन
- भारतीय टीम दूसरे टी20 में अगर कोई बदलाव करेगी तो वह बल्लेबाजी में ही होगा।
- शीर्ष क्रम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और पहले टी20 मैच में भी यह देखने मिला था।
- सैमसन पिछले तीन टी20 मैचों में सिर्फ छह रन ही बना सके हैं।
- ईशान किशन का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है और वह पिछले मैच में तो खाता खोले बिना आउट हुए थे।
- अभिषेक शर्मा ने पहले टी20 में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं।
- ईशान पिछले मैच में रन आउट हुए थे इसलिए टीम प्रबंधन उन पर भरोसा जता सकता है, जबकि अभिषेक ने 20 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत की है।
- ऐसे में अब सारा दबाव अब सैमसन पर है जिनके पास बड़ी पारी खेलने के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है।
- इन सबके बीच इस बात की संभावना कम है कि भारत प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करेगा। यानी वैभव को डेब्यू के लिए इंतजार जारी रखना पड़ सकता है।
गेंदबाजी में बदलाव की संभावना नहीं
टीम प्रबंधन 15 वर्ष के सूर्यवंशी को लेकर कोई हड़बड़ी नहीं करना चाहता लेकिन अगले कुछ मैचों में उन्हें नहीं उतारा गया तो इस फैसले पर सवाल उठने तय हैं। सैमसन के अलावा तिलक वर्मा को भी मध्यक्रम में तेज खेलना होगा। स्पिनरों के आने के बाद वह तेजी से रन नहीं बना पाते हैं। इस साल 12 टी20 में वह सिर्फ 12 छक्के लगा सके हैं और एक फिनिशर के लिए यह खराब आंकड़ा है। स्पिनरों की मददगार ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच पर गेंदबाजी में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। यानी भारत एक बार फिर तीन स्पिनर और दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। वहीं, शिवम दुबे के रूप में उसके पास छठा गेंदबाज होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की घोषित प्लेइंग 11: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैमसन करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, जोश टंग, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर।