फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: लगातार तीसरा टी20 हारा भारत, श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड; अक्षर-वैभव बने सुर्खियां

Sat, 04 Jul 2026 11:13 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मैनचेस्टर

सार

India vs England 2nd T20 Highlights : इंग्लैंड ने दूसरे टी20 में भारत को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हार के साथ श्रेयस अय्यर के नाम अनचाहा कप्तानी रिकॉर्ड दर्ज हुआ, जबकि अक्षर पटेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया।

विज्ञापन
इंग्लैंड ने भारत को हराया - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए भारत को चार विकेट से हरा दिया। 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 19 ओवर में छह विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहला टी20 मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। हालांकि, भारत की हार के बावजूद मैच में दो बड़े ऐतिहासिक पल देखने को मिले। अक्षर पटेल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय स्पिनर बने, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर नया इतिहास रच दिया।
विज्ञापन


तिलक-ईशान - फोटो : IANS
भारत ने बनाए 190 रन, अंत में तिलक वर्मा ने बदला मैच का रंग
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 190/7 का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। टीम की शुरुआत आक्रामक रही। टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू कर रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने दो छक्के लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए, लेकिन 14 रन बनाकर स्टंप हो गए।

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली। मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर (37) और ईशान किशन (49) ने तीसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि इंग्लैंड ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की। सैम करन ने अपनी विविधता भरी गेंदबाजी से तीन विकेट झटकते हुए भारत की रनगति पर अंकुश लगाया। आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर भारत को 190 रन तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के लगाए।

सैम करन-जैकब बेथेल - फोटो : IANS
1/2 से इंग्लैंड की जबरदस्त वापसी
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट और जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 1/2 कर दिया। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने केवल 15 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने अर्शदीप के एक ओवर में 27 रन बटोरकर भारत पर दबाव बना दिया। हालांकि अक्षर पटेल ने ब्रूक का विकेट लेकर भारत को राहत दिलाई।

जैकब बेथेल ने एक छोर संभाले रखा और नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली। टॉम बैंटन ने भी 39 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत ने बीच के ओवरों में वापसी करते हुए मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन 17वें ओवर में रवि बिश्नोई की दो नो-बॉल और 29 रन खर्च करना निर्णायक साबित हुआ। बेथेल ने फ्री-हिट का पूरा फायदा उठाते हुए मैच इंग्लैंड की झोली में डाल दिया। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारत जीत से दूर रह गया।

अक्षर पटेल ने बनाया नया कीर्तिमान - फोटो : Amar Ujala Graphics
अक्षर पटेल ने रचा इतिहास
मैच के दौरान अक्षर पटेल ने हैरी ब्रूक का विकेट लेते ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह इस प्रारूप में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय स्पिनर बन गए। वह अब टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 या उससे अधिक विकेट लेने वाले भारत के चौथे गेंदबाज हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज कौन-कौन हैं?

भारत की ओर से अब तक सिर्फ चार गेंदबाज ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर पाए हैं। इनमें अक्षर पटेल पहले स्पिनर हैं।

खिलाड़ी मैच विकेट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अर्शदीप सिंह 87 131 5/5
जसप्रीत बुमराह 95 121 4/15
हार्दिक पांड्या 138 114 4/16
अक्षर पटेल 98* 100 3/9

अक्षर अब भारत के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय स्पिनर भी बन गए हैं। उन्होंने युजवेंद्र चहल (96) और कुलदीप यादव (95) को पीछे छोड़ दिया।

वैभव भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर - फोटो : BCCI
वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक डेब्यू
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की रही। महज 15 साल 99 दिन की उम्र में उन्होंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर इतिहास रच दिया। वैभव अब भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा (15 साल 239 दिन) का भी सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव अब भारत के सबसे बड़े युवा सितारों में गिने जा रहे हैं।
विज्ञापन

श्रेयस अय्यर - फोटो : IANS
श्रेयस अय्यर के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
इस हार के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। तीन या उससे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी करने वाले 12 भारतीय कप्तानों में वह पहले कप्तान बन गए हैं, जो अपने शुरुआती चार मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सके। इंग्लैंड दौरे से पहले आयरलैंड ने भी भारत को दो मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से हराया था, जहां टीम की कमान भी अय्यर के हाथों में थी। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में मिली हार के साथ भारत ने 2021 के बाद पहली बार लगातार तीन पूरे हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले गंवाए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें